CMS ने रचा इतिहास! ISC बोर्ड में 62 छात्रों के 99% प्रतिशत से अधिक अंक, पूरे देश में छाया लखनऊ

CMS Lucknow ISC result 2026: सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) लखनऊ ने ISC-ICSE 2026 बोर्ड परीक्षाओं में इतिहास रच दिया। 62 छात्रों ने 99% से अधिक अंक हासिल किए, जबकि ISC में ओशीन अग्रवाल ने 99.75% और ICSE में वैवस्वत नारायण दुबे ने 99.80% अंक प्राप्त किए। पूरे देश में लखनऊ का नाम रोशन हुआ।

Update:2026-04-30 19:20 IST

CMS Lucknow ISC result 2026: सिटी मोन्टेसरी स्कूल के मेधावी छात्रों ने विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी आई.एस.सी. (कक्षा-12) एवं आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) बोर्ड परीक्षाओं में अभूतपूर्व प्रदर्शन कर न सिर्फ लखनऊ का गौरव पूरे देश में बढ़ाया है अपितु यह भी साबित कर दिया है कि गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में सिटी मोन्टेसरी स्कूल सर्वश्रेष्ठ है।

सी.एम.एस. के 4 छात्रों ने इस वर्ष आई.एस.सी. बोर्ड परीक्षा में 99.75 प्रतिशत अंक अर्जित कर कीर्तिमान स्थापित किया है तो वहीं दूसरी ओर आई.सी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में 99.40 प्रतिशत से लेकर 99.80 प्रतिशत तक अंक अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर पर उच्च स्थान अर्जित किया है। खास बात यह है कि इस वर्ष सी.एम.एस. के 62 छात्रों ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर सिद्ध कर दिया है कि लखनऊ अब पूरे देश में शिक्षा का केन्द्र बन चुका है।

ISC बोर्ड में 99.75 प्रतिशत तक अंक अर्जित करने वाले CMS के छात्र

4 मेधावी छात्रों में ओशीन अग्रवाल, संस्कृति चंदेल, जैनब फातिमा एवं छवि मिश्रा शामिल हैं जबकि आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की बोर्ड परीक्षा में वैवस्वत नारायण दुबे ने 99.80 प्रतिशत, जहरा फातिमा व अनय अग्रवाल ने 99.60 प्रतिशत अंक जबकि अफशान अहमद, दिव्यांश कुशवाहा एवं फरहीन खान ने 99.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपने मेधात्व का परचम लहराया है। खास बात यह है कि इस वर्ष सी.एम.एस. के 62 छात्रों ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर इतिहास रचा है, जिनमें आई.एस.सी. के 42 एवं आई.सी.एस.ई. के 20 छात्र शामिल हैं।

इस वर्ष सी.एम.एस. से कुल 7030 छात्रों ने आई.एस.सी. एवं आई.सी.एस.ई. बोर्ड मेें प्रतिभाग किया, जिसमें से 3709 (52.8 प्रतिशत) छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक जबकि 1441 छात्रों (20.5 प्रतिशत) ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किये हैं। इसके अलावा, 1013 ऐसे छात्र हैं, जिन्होंने एक या अधिक विषयों में पूरे 100 प्रतिशत अंक अर्जित किए हैं।

सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ये परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल हैं। सी.एम.एस. के मेधावी छात्रों की अभूतपूर्व सफलता पर सम्पूर्ण सी.एम.एस. परिवार गौरवान्वित है। उन्होंने सभी छात्रों के उज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्याओं व शिक्षकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने भी हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सी.एम.एस. में रटने के बजाय सीखने और समझने पर विशेष जोर दिया जाता है, और ये उत्कृष्ट परिणाम पिछले चार वर्षों में आंतरिक परीक्षाओं में अपनाई गई क्षमता-आधारित मूल्यांकन पद्धति का प्रतिफल हैं।

सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने बताया कि आई.सी.एस.ई. एवं आई.एस.सी. बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से लेकर 99.80 प्रतिशत तक अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 3709 मेधावी छात्रों को कल 2 मई, शनिवार को प्रातः 9.00 बजे सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस आॅडिटोरियम में आयोजित भव्य ‘सम्मान समारोह’ में सार्वजनिक तौर पर सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर सी.एम.एस. के उन 19 छात्रों को एक-एक लाख रूपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा, जिन्होंने आई.सी.एस.ई. एवं आई.एस.सी. बोर्ड परीक्षाओं में राष्ट्रीय स्तर पर उच्च स्थान अर्जित किया है। इसके अलावा, 43 अन्य छात्रों को भी 21,000 रूपये के नगद पुरस्कार से नवाजा जायेगा, जिन्होंने 99 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए हैं। इस प्रकार, सी.एम.एस. के कुल 62 अति-मेधावी छात्रों को 28 लाख रूपये की धनराशि से नवाजा जायेगा।

इससे पहले, सी.एम.एस. के टाॅपर छात्र 2 मई, शनिवार को प्रातः 7.45 बजे ‘विक्ट्री मार्च’ निकालेंगे, जो कि गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित मकदूमपुर पुलिस स्टेशन से प्रारम्भ होकर सी.एम.एस. गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस आॅडिटोरियम तक जायेगा।

Tags:    

Similar News