बागेश्वर बाबा की कथा कराने वाले सारे नेता चुनाव हार गए! दिग्विजय सिंह ने राजा भैया पर कसा तंज

दिग्विजय सिंह ने राजा भैया के यहां आयोजित धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने कथा कराई, वे सभी चुनाव हार गए।

Update:2026-11-21 22:54 IST

Digvijaya Singh on Raja Bhaiya

Digvijaya Singh on Raja Bhaiya: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बाबा बागेश्वर की रामकथा को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित रामकथा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जिन-जिन नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री की कथा कराई, वे सभी चुनाव हार गए। खास बात यह है कि दिग्विजय सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री को अपने बेटा जैसा भी बताया है।

राजा भैया का नाम लेकर क्या बोले दिग्विजय सिंह?

दरअसल, दिग्विजय सिंह इन दिनों अपनी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' पर हैं। इसी दौरान एक बातचीत में उनसे बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और उनकी कथाओं को लेकर सवाल हुआ। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि धीरेंद्र शास्त्री उनके रिश्तेदार राजा भैया के यहां कथा करने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन-जिन नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री की कथा कराई है, वे सभी चुनाव हार गए। उनके इस बयान को कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित चार दिवसीय रामकथा से जोड़कर देखा जा रहा है।

धीरेंद्र शास्त्री को बताया बेटे जैसा, कृष्ण वाले बयान पर जताई असहमति

दिग्विजय सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री को लेकर एक तरफ स्नेह जताया तो दूसरी तरफ उनके कुछ बयानों पर असहमति भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री उन्हें अपने बेटे जैसे लगते हैं। हालांकि, उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की ओर से दिए गए बयान पर अपनी असहमति जताई। उन्होंने अपनी रामकथा से जुड़ी एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए बताया कि जब उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनी थी, उसी दौरान उन्हें कोरोना हो गया था। उस समय उनके साथ कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह राठौर भी मौजूद थे, जिनका बाद में निधन हो गया था।

राजा भैया के यहां चार दिन चली थी रामकथा

दरअसल, प्रतापगढ़ के कुंडा में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 17 से 20 नवंबर तक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा का आयोजन कराया था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। आयोजन को लेकर शुरुआत से ही राजनीतिक बयानबाजी होती रही। समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम का विरोध किया था, जबकि राजा भैया ने साफ कर दिया था कि रामकथा होकर रहेगी।

कथा के समापन के बाद राजा भैया ने खुद कार चलाकर धीरेंद्र शास्त्री को हेलीपैड तक छोड़ा था। इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने सनातनी एकता और जात-पात खत्म करने का संदेश दिया था।

2027 के चुनाव से पहले रामकथा के सियासी मायने

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कुंडा में आयोजित रामकथा को राजनीतिक नजरिए से भी देखा गया। इस आयोजन में अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े कई प्रभावशाली नेता शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में बृजभूषण शरण सिंह, धनंजय सिंह, बृजेश सिंह और भाजपा विधायक अभय सिंह समेत कई प्रमुख चेहरे पहुंचे थे। ऐसे में दिग्विजय सिंह का यह बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

अखिलेश यादव और राजा भैया के बीच भी बढ़ी थी तल्खी

कुंडा की रामकथा को लेकर समाजवादी पार्टी और राजा भैया के बीच भी बयानबाजी देखने को मिली थी। अखिलेश यादव और राजा भैया के रिश्तों में पहले भी तल्खी रही है। राजा भैया लंबे समय तक समाजवादी पार्टी की सरकारों के साथ रहे और अखिलेश यादव की सरकार में मंत्री भी बने थे। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों के बीच राजनीतिक दूरी बढ़ गई थी। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजा भैया के यहां आयोजित रामकथा और उस पर दिग्विजय सिंह के तंज ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नई चर्चा छेड़ दी है।

Tags:    

Similar News