देखते रह जाएंगे राहुल गांधी! डिलिमिटेशन बिल पर चुपके से कई विपक्षी सांसद कर देंगे खेला, पूनावाला के दावे से सियासी हलचल
बीजेपी के पूर्व प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दावा किया है कि सांसद सुप्रिया सुले संसद में डिलिमिटेशन बिल पर बीजेपी का समर्थन कर सकती हैं।
Shehzad Poonawalla: लोकसभा में डिलिमिटेशन बिल को लेकर एक बार फिर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। बीजेपी के पूर्व प्रवक्ता और रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' के विजेता शहजाद पूनावाला ने दावा किया है कि एनसीपी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले इस बिल पर बीजेपी का समर्थन कर सकती हैं। उनका कहना है कि इंडिया गठबंधन के कुछ दूसरे नेता भी राष्ट्रीय हित का हवाला देकर बिल के पक्ष में आ सकते हैं।
डिलिमिटेशन बिल को लेकर संसद में एक बार फिर नए राजनीतिक समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। बीजेपी के पूर्व प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि एनसीपी (एसपी) की नेता और सांसद सुप्रिया सुले इस बिल को लेकर बीजेपी का साथ दे सकती हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के दूसरे नेता भी इस मुद्दे पर समर्थन कर सकते हैं। रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' जीतने के बाद न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में पूनावाला ने कहा कि कई बार बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए साझा न्यूनतम कार्यक्रम बनाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि संसद में डिलिमिटेशन बिल पास कराने की बात आएगी तो सुप्रिया ताई बीजेपी का समर्थन करेंगी और गठबंधन के बाकी नेता भी राष्ट्रीय हित में साथ आ सकते हैं।
अप्रैल में विपक्ष के विरोध से अटक गया था बिल
दरअसल, संसद में अप्रैल महीने में डिलिमिटेशन बिल को महिला आरक्षण बिल के साथ पेश किया गया था, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते सरकार इसे पास नहीं करा पाई थी। बिल को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत थी, जबकि इसके पक्ष में 298 वोट ही पड़े थे। प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा में सांसदों की कुल संख्या बढ़ाकर 850 की जानी थी और इनमें से एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होनी थीं। सरकार का दावा था कि परिसीमन के बाद सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी तक बढ़ाई जाएगी।
दक्षिण भारत के राज्यों के प्रतिनिधित्व पर उठा था सवाल
बिल का विरोध करते हुए विपक्षी दलों ने सवाल उठाया था कि परिसीमन की प्रक्रिया से दक्षिण भारत के राज्यों का प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। विपक्ष का कहना था कि सीटों के नए बंटवारे में दक्षिणी राज्यों को उचित हिस्सेदारी नहीं मिल पाएगी। इसी मुद्दे को लेकर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव देखने को मिला था। अब एक बार फिर चर्चा है कि केंद्र सरकार इस बिल को दोबारा संसद में ला सकती है।
सुप्रिया सुले ने भी दिए थे समर्थन के संकेत
शहजाद पूनावाला का दावा ऐसे समय आया है, जब सुप्रिया सुले पहले ही इस प्रस्ताव को लेकर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट कर चुकी हैं। उन्होंने संकेत दिया था कि उनकी पार्टी सैद्धांतिक रूप से उस प्रस्ताव का समर्थन करने को तैयार है, जिसमें परिसीमन के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने और महिला आरक्षण लागू करने की बात है। सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि सरकार को बिल के लिए जरूरी समर्थन जुटाने में डीएमके और महाराष्ट्र में शरद पवार की पार्टी से मदद मिल सकती है।
स्वरा भास्कर के साथ रिश्तों पर भी दिया जवाब
इंटरव्यू के दौरान पूनावाला ने रियलिटी शो में स्वरा भास्कर और करण के साथ अपनी केमिस्ट्री को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि शो में उनके, स्वरा और करण के बीच अच्छी समझ थी। इसकी तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि यह कुछ वैसा ही था, जैसे बीजेपी और पीडीपी ने मिलकर सरकार चलाई थी।