क्रिकेट के बाद सियासी पारी खेलेंगे युजवेंद्र चहल, BJP में एंट्री के साथ मिली बड़ी जिम्मेदारी

टीम इंडिया से बाहर चल रहे स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल को भाजपा में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। जानिए क्या है इस पद की जिम्मेदारी।

Update:2026-11-21 22:13 IST

Yuzvendra Chahal Joins BJP

Yuzvendra Chahal Joins BJP: भारतीय टीम से बाहर चल रहे स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र अब नई भूमिका में नजर आएंगे। क्रिकेट के मैदान से निकलकर अब वो सियासत की पिच पर खेलते नजर आएंगे। दरअसल युजवेंद्र चहल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) ज्वॉइन कर लिया है और बीजेपी ने उन्हें आते ही अपने राष्ट्रीय ओबीसी (OBC) मोर्चा की नई कार्यकारिणी में स्पेशल इनवाइटी यानी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। 21 नवंबर को घोषित की गई नई कार्यकारिणी में चहल का नाम शामिल किया गया है।

BJP की नई टीम में चहल को मिली जगह

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 21 नवंबर को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी का ऐलान किया। इसमें अलग-अलग राज्यों के नेताओं को संगठन में जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसी कार्यकारिणी में भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को भी विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जगह मिली है।चहल को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद खेल और राजनीतिक जगत में इसकी चर्चा हो रही है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक उनके लिए किसी विशेष संगठनात्मक काम या अलग जिम्मेदारी का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है।

क्या होती है स्पेशल इनवाइटी की जिम्मेदारी?

स्पेशल इनवाइटी का मतलब विशेष आमंत्रित सदस्य होता है। किसी संगठन में ऐसे लोगों को महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता है। इस भूमिका के तहत संबंधित व्यक्ति को संगठन की गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, उन्हें कितने अधिकार मिलेंगे और उनकी क्या भूमिका होगी, यह संगठन के नियमों और नेतृत्व के फैसले पर निर्भर करता है। 

BJP ने OBC मोर्चा में कई नेताओं को दी जिम्मेदारी

भाजपा की नई कार्यकारिणी में सिर्फ चहल ही नहीं, बल्कि कई राज्यों के नेताओं को भी जगह दी गई है। पार्टी ने राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए हैं।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए नेताओं में शामिल हैं:

• जोगेन मोहन – असम

• ममता मोहंता – ओडिशा

• संगम लाल गुप्ता – उत्तर प्रदेश

• बबनराव रावजी चौधरी – महाराष्ट्र

• सत प्रकाश राणा – दिल्ली

• डॉ. अर्जुन साहनी – बिहार

• डॉ. संगीता बलवंत बिंद – उत्तर प्रदेश

वहीं, गजेंद्र यादव, प्रमोद मध्वराज और ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।

क्रिकेट में कैसा रहा है चहल का सफर?

युजवेंद्र चहल भारतीय क्रिकेट के जाने-माने लेग स्पिनर हैं। उन्होंने अपनी फिरकी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग पहचान बनाई है। वह भारत के लिए वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं। उनके नाम 72 वनडे मैचों में 121 विकेट है, जबकि टी20 में वो 80 मैचों में 96 विकेट चटका चुके हैं। जबकि IPL में उन्होंने 188 मैचों में 233 विकेट चटकाए हैं। उनकी पहचान ऐसे स्पिनर के तौर पर रही है, जो बीच के ओवरों में विकेट निकालकर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। अब भाजपा के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जाने के बाद उनके नाम की चर्चा क्रिकेट से इतर भी होने लगी है। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में चहल संगठन के कार्यक्रमों में किस तरह की भूमिका निभाते हैं। 

Tags:    

Similar News