Andaman Nicobar News: आईटीआई डॉलीगंज में पाँचवां कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित, मेधावी सम्मानित
Andaman Nicobar News: उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र दिए, कहा- पर्यटन, डिजिटल तकनीक और विकास परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।
आईटीआई डॉलीगंज में पाँचवां कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित, मेधावी सम्मानित (Photo- Newstrack)
Andaman Nicobar News: श्री विजयपुरम। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), डॉलीगंज, श्री विजयपुरम में 21 नवंबर को पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, टॉपर्स तथा पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में 22 व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षुओं की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी उपराज्यपाल ने शुभारंभ किया।
कौशल विकास से युवाओं को मिलेगा रोजगार
कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल ने युवाओं के कौशल विकास, तकनीकी दक्षता और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में व्यावसायिक प्रशिक्षण की भूमिका पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ से देश के युवाओं को दिए जा रहे संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया।
अपने संबोधन में उपराज्यपाल ने कहा कि किसी भी संस्थान की असली सफलता इस बात से तय होती है कि वहां से प्रशिक्षण लेने वाले कितने युवा रोजगार से जुड़ते हैं। उन्होंने बताया कि आईटीआई डॉलीगंज में उपलब्ध सीटों की तुलना में अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, जो यहां दिए जा रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का प्रमाण है। द्वीपसमूह में करीब 22 व्यवसायों में युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं, क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम के तहत प्रशिक्षण क्षमता 200 सीटों से बढ़कर 1,416 सीटों तक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि नए व्यावसायिक जीवन की शुरुआत है। प्रशिक्षुओं को श्रम की गरिमा, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इंडिया स्किल प्रतियोगिता में द्वीपसमूह के युवाओं ने क्षेत्रीय स्तर पर 13 और राष्ट्रीय स्तर पर चार पदक हासिल किए हैं। यह उपलब्धि यहां के युवाओं की प्रतिभा और कौशल को दर्शाती है।
पर्यटन और डिजिटल तकनीक में रोजगार की संभावनाएं
उपराज्यपाल ने कहा कि आने वाले समय में पर्यटन, आतिथ्य, परिवहन, निर्माण और तकनीकी सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए युवाओं को लगातार अपने कौशल को बेहतर बनाना होगा।
उन्होंने द्वीपसमूह में डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि चेन्नई के साथ-साथ ओडिशा के पुरी से भी वैकल्पिक सबमरीन केबल कनेक्टिविटी पर काम किया जा रहा है। इससे डिजिटल सुविधाओं और तकनीकी विकास को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विकास परियोजनाओं से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कार निकोबार, ग्रेट निकोबार, कैंपबेल बे और अन्य क्षेत्रों में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी युवा बेरोजगार न रहे और उन्हें अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार मिल सके। इस दौरान उन्होंने सांसद विष्णु पद राय की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सांसद लगातार द्वीपसमूह के विकास और लोगों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपराज्यपाल ने अपने विद्यार्थी जीवन का एक प्रेरक प्रसंग साझा किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को सलाह दी कि वे अपने प्रमाणपत्रों और पुरस्कारों को केवल उपलब्धि के रूप में न देखें, बल्कि इन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि कौशल और तकनीकी प्रशिक्षण से सुसज्जित युवा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
समारोह में अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद विष्णु पद राय, श्रम, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग की सचिव वंदना राव, आईटीआई डॉलीगंज के प्रधानाचार्य वेंकटेश सीएच, दक्षिण अंडमान की उपायुक्त पूर्वा गर्ग और पुलिस अधीक्षक श्वेता सुगन्धन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षु और उनके अभिभावक मौजूद रहे। समारोह में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के जरिए आत्मनिर्भर बनाने और भविष्य में रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।