Farmers protest Jantar Mantar: सिंघू बार्डर पर सुरक्षा कड़ी, दिल्ली की सीमाएं सील

Farmers protest Jantar Mantar: देश भर से किसानों का जंतर मंतर के लिए कूच शुरू हो गया है। किसानों के इकट्ठा होने से यातायात की समस्या और अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं ।

Written By :  Ramkrishna Vajpei
Update: 2022-08-22 03:43 GMT

Farmers protest Jantar Mantar: photo: social media 

Farmers Protest Jantar Mantar: जंतर-मंतर पर किसानों के विरोध प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सिंघू सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। दिल्ली पुलिस ने किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। सिंघू बार्डर पर हर व्यक्ति और हर वाहन की चेकिंग की जा रही है।

किसान जंतर मंतर पर लखीमपुर खीरी की घटना में दोषी केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टैनी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर जेल भेजने, निर्दोष किसानों की रिहाई, फसलों के ऊपर स्वामीनाथन कमीशन की सिफारिशों के आधार पर सी-2 +50% के फार्मूले से एमएसपी की गारंटी का कानून बनाने और किसान आन्दोलन में किसानों पर दर्ज सभी केस वापस लेने जैसी कई मांगों को लेकर महापंचायत करेंगे।

किसान नेता राकेश टिकैत को पुलिस कर्मियों ने कल गाजीपुर सीमा पर उस समय रोक लिया जब वह जंतर-मंतर जा रहे थे। पुलिस ने टिकैत को वापस लौटने को कहा। जब वह नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और फिर मधु विहार थाने ले जाया गया है। हालांकि देर रात टिकैत को छोड़ दिया गया। इस बीच देश भर से किसानों का जंतर मंतर के लिए कूच शुरू हो गया है।

किसानों के इकट्ठा होने से राजधानी में यातायात की समस्या

दिल्ली पुलिस ने कहा कि किसानों के इकट्ठा होने से राष्ट्रीय राजधानी में यातायात की समस्या और अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं और इसलिए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की है। राष्ट्रीय राजधानी में ज्यादातर सीमा पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने हर बॉर्डर पर अतिरिक्त बैरिकेड्स भी लगाए हैं।

विशेष पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था दीपेंद्र पाठक ने कहा कि वे किसानों से राजधानी के जंतर मंतर पर इकट्ठा न होने का आग्रह कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि उन्हें पता चला है कि संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) और विभिन्न किसान समूहों ने जंतर मंतर पर एक महापंचायत आयोजित करने की योजना बनाई है।

उन्होंने कहा कि किसान जंतर-मंतर पहुंचने के लिए बाहरी दिल्ली को चुनेंगे। स्थिति की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए हमने अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए हैं। रेलवे ट्रैक के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों और चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। दिल्ली मेट्रो को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है और वहां पुलिस भी तैनात की जाएगी।

Tags:    

Similar News