जम्मू-कश्मीर: LoC पर बारूदी सुरंग में विस्फोट, सेना के दो जवान घायल
Poonch LoC Blast: जम्मू-कश्मीर के पुंछ के मेंढर सेक्टर में LoC के पास बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से हड़कंप मैच गया। घटना में सेना के दो जवान घायल हो गए। वहीं सोपोर में सर्च ऑपरेशन के दौरान 45 संदिग्ध गोले बरामद हुए हैं।
Poonch LoC Blast: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास बुधवार शाम बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से हड़कंप मैच गया। विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवान घायल हो गए। दोनों जवानों को तुरंत सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक सेना का बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) नियमित गश्त के दौरान कंगा गली क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान वहां मिली एक बारूदी सुरंग को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया जा रहा था। ऑपरेशन के बीच अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें दो सैनिक घायल हो गए।
बारिश से खिसक जाती हैं बारूदी सुरंगें
सीमा पर घुसपैठ रोकने के लिए एलओसी के अग्रिम इलाकों में बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई बार ये सुरंगें अपने निर्धारित स्थान से खिसक जाती हैं। ऐसे मामलों में सेना समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर उन्हें खोजती और निष्क्रिय करती है ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
नालवा-देगवार क्षेत्र में मिला संदिग्ध विस्फोटक
इसी बीच पुंछ के नालवा-देगवार तरवान क्षेत्र में मजदूरों को एक जंग लगा संदिग्ध विस्फोटक उपकरण मिला। सूचना मिलने पर सेना की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उसे सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद जंग लगे विस्फोटक को सेना के दोनों जवान निष्क्रिय कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उसमें विस्फोट हो गया। माना जा रहा है कि खराब मौसम और लंबे समय से खुले में पड़े रहने के कारण विस्फोटक की स्थिति अस्थिर हो गई थी। हालांकि, घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
सोपोर में सर्च ऑपरेशन के दौरान 45 गोले बरामद
उधर, कश्मीर के सोपोर में संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान एक घर से कबाड़ के 45 संदिग्ध गोले बरामद किए गए हैं। यह अभियान सोपोर पुलिस, सीआरपीएफ और सेना की 5वीं राष्ट्रीय राइफल्स ने शीर कॉलोनी क्षेत्र में चलाया। बरामद गोलों की जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन पड़ताल में जुटी हैं।