लालू के पूर्व OSD भोला यादव को CBI ने किया गिरफ्तार, रेलवे भर्ती घोटाले में पटना सहित 4 ठिकानों पर छापेमारी

सीबीआई ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के पूर्व ओएसडी भोला यादव को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी रेलवे भर्ती घोटाले मामलों में हुई है।

Written By :  aman
Update: 2022-07-27 06:03 GMT

Bhola Yadav

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) ने बुधवार (27 जुलाई 2022) को बड़ी कार्रवाई की। सीबीआई ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्र की मनमोहन सिंह सरकार में रेल मंत्री रहे लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के पूर्व ओएसडी भोला यादव (CBI Arrest Bhola Yadav) को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी रेलवे भर्ती घोटाले (Railway Bharti Ghotala) से जुड़े मामले में हुई है।

इतना ही नहीं, सीबीआई ने बिहार की राजधानी पटना (Patna) और दरभंगा (Darbhanga) में चार ठिकानों पर छापे भी मारे हैं। जानकारी के लिए बता दें कि, भोला यादव 2004 से 2009 तक लालू प्रसाद यादव के OSD रहे थे। उस वक़्त लालू यादव केंद्रीय रेल मंत्री थे। उसी दरमियान रेलवे में भर्ती घोटाला हुआ था। भोला यादव पर आरोप है कि घोटाले का कथित सरगना वही है। 

कौन हैं भोला यादव? 

भोला यादव को लालू प्रसाद यादव परिवार का बेहद करीबी और खास माना जाता है। राजनीतिक गलियारे में भोला यादव को लालू का हनुमान कहा जाता रहा है। भोला यादव (Bhola Yadav) पर केंद्रीय जांच एजेंसी का शिकंजा कसता जा रहा है। भोला यादव को लालू के राजदार के रूप में भी जाना जाता है। 


नौकरी के बदले जमीन

आरोप है कि रेलवे भर्ती के दौरान 'नौकरी के बदले जमीन' ली गई थी। साथ ही सीबीआई आईआरसीटीसी स्कैम (IRCTC Scam) मामले में भी भोला यादव की भूमिका संदिग्ध मान रही है। जिसके बाद सीबीआई ने आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि, सीबीआई ने चार दिन पहले भोला यादव को पूछताछ के लिए बुलाया था। लेकिन, बुधवार सुबह अचानक उनकी गिरफ्तारी की खबर आई। नौकरी के बदले जमीन तथा आईआरसीटीसी स्कैम मामले में इसे बड़ी गिरफ्तारी मानी जा रही है।

लालू की पत्नी-बेटियों पर भी केस दर्ज

सीबीआई ने आज पटना के अलावा लालू के पूर्व ओएसडी भोला यादव के पैतृक जिले दरभंगा में भी छापेमारी की है। आरोप ये भी है कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू यादव ने रेल मंत्री (Railway Minister) रहते नौकरी लगवाने के बदले जमीन लिए थे। सीबीआई ने इसी मामले में हाल में लालू यादव (Lalu Yadav), उनकी पत्नी राबड़ी देवी (Rabri Devi), बेटी मीसा भारती (Misa Bharti), अन्य बेटी हेमा यादव (Hema Yadav) पर भी केस दर्ज किया था। इसी वर्ष मई महीने में एक साथ 17 ठिकानों पर छापेमारी हुई थी।  

पुराने जख्म कुरेदने लगे राज्यसभा सांसद सुशील मोदी

लालू के करीबी भोला यादव कक गिरफ्तारी के बाद राज्यसभा सांसद ने एक बार फिर से लालू परिवार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लालू परिवार की 40 से ज्यादा संपत्ति की खरीद-फरोख्त में भोला यादव ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किया है। लालू के साथ साए के रूप में रहने वाले भोला यादव लालू परिवार के हर भ्रष्टाचार में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल रहे हैं।

Tags:    

Similar News