Lightning in Odisha: 12 मौतों से मची चीख-पुकार, आकाशीय बिजली के कहर से कांप उठा ओडिशा

Lightning in Odisha: राज्य में एक ही दिन में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 11 जख्मी हो गए।

Update: 2023-08-18 02:40 GMT
Lightning in Odisha (photo: social media )

Lightning in Odisha: देश भर में मानसून का सीजन चल रहा है। भारी बारिश ने उत्तर राज्यों में तबाही मचा रखी है। इस बीच पूर्वी तटीय राज्य ओडिशा में भी कुदरत ने कहर बरपाया है। राज्य में एक ही दिन में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 11 जख्मी हो गए। घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये मौतें ओडिशा के विभिन्न जिलों में हुई हैं।

ओडिशा में हरसाल बरसात के वक्त आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिलता है। बुधवार को हुई इस घटना के दौरान कुछ लोग खेतों में काम करने के दौरान इसकी चपेट में आ गए। एक दर्जन मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। जिनमें एक की उम्र महज 12 साल है। राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है।

किन जिलों में हुई मौतें

आकाशीय बिजली गिरने के कारण जान गंवाने वालों में बालेश्वर, भद्रक और मयूरभंज जिले के लोग शामिल हैं। सबसे अधिक मौतें भद्रक और बालेश्वर जिले में हुई है। दोनों जिलों में 5-5 लोगों की जान गई है। वहीं, मयूरभंज जिले में दो लोगों की जान गई है।

मृतकों में कौन-कौन शामिल

राज्य सरकार की ओर से कुदरत के कहर की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों की पहचान सार्वजनिक की गई है। मृतकों में भद्रक जिले के जदुनाथ सेठी, सुरेंद्र बारिक, प्रताप मांझी, जमुना सिंह और सोमनाथ महालिक शामिल हैं। वहीं, मृतकों में बालेश्वर जिले के 12 वर्षीय कान्हा मुर्मू, 55 वर्षीय मकरानंद बेहरा, गोपाल बिंदानी, चैतन्य पुस्टी और शंभूनाथ साहू शामिल हैं। इसी प्रकार मयूरभंज जिले के जिन दो लोगों की जान गई है, उनकी शिनाख्त गोपी मुर्मू और 42 वर्षीय महिला टुनी सिंह के रूप में हुई है।
बता दें कि जिन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसलिए मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की भी संभावना है।

Tags:    

Similar News