Ashok Chavan Resigns: महाराष्ट्र में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, पूर्व CM अशोक चव्हाण ने दिया पार्टी से इस्तीफा, भाजपा में शामिल होने की संभावना

Ashok Chavan Resigns: अशोक चव्हाण के इस्तीफा के बाद संभावना जताई जा रही है कि वे जल्द ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-02-12 08:07 GMT

Ashok Chavan quits congress  (photo: social media )

Ashok Chavan Resigns: लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक चव्हाण ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधायक पद से भी इस्तीफा दे दिया है। चव्हाण के इस्तीफा के बाद संभावना जताई जा रही है कि वे जल्द ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। हालांकि इसे लेकर उन्होंने अभी तक आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा है।

अशोक चव्हाण के साथ पार्टी के कुछ और विधायकों के भी इस्तीफा देने की संभावना है। मिलिंद देवड़ा और बाबा सिद्दीकी के बाद अशोक चव्हाण कांग्रेस के तीसरे ऐसे बड़े नेता हैं जिन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया है।

पार्टी से नाराज चल रहे थे अशोक चव्हाण

जानकारी सूत्रों का कहना है कि अशोक चव्हाण इन दोनों पार्टी से नाराज चल रहे थे। उनकी नाराजगी खास तौर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले को लेकर थी। पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा गया था मगर उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। उनका कहना था कि राज्य में भाजपा की लहर है और ऐसे में लोकसभा चुनाव लड़ना उचित नहीं होगा।

सूत्रों के मुताबिक वे नाना पटोले की जगह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहते थे मगर कांग्रेस हाईकमान की ओर से इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। वे नाना पटोले के विधानसभा अध्यक्ष पद छोड़ने को लेकर भी नाराज थे। उनका मानना था कि यदि पटोले ने इस्तीफा नहीं दिया होता तो महाराष्ट्र की सरकार नहीं गिरती।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता

अशोक चव्हाण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें राज्य में कांग्रेस का दिग्गज नेता माना जाता रहा है। वे 2008 से 2010 तक का महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके पिता शंकरराव चव्हाण भी महाराष्ट्र के सीएम रहे हैं। अशोक चव्हाण 2015 से 2019 तक महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। वे 1987 में पहली बार लोकसभा के सांसद चुने गए।

इसके बाद वे 1999 से 2014 तक तीन बार विधायक रहे। 2014 में वे दूसरी बार सांसद बनने में कामयाब हुए थे।अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफे की जानकारी देते हुए बयान जारी कर कहा, ‘मैं 12/02/2024 की दोपहर से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंपता हूं।

अब भाजपा में शामिल होने की अटकलें

कांग्रेस से इस्तीफे के बाद अब अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक अपने भावी रुख को लेकर कोई स्पष्ट ऐलान नहीं किया है। कांग्रेस से इस्तीफे के बाद उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाकात की। माना जा रहा है कि उन्होंने विधायक पद से भी इस्तीफा दे दिया है। अशोक चव्हाण के साथ कांग्रेस के कुछ और नेताओं और विधायकों के पार्टी छोड़ने की संभावना है।

महाराष्ट्र में कांग्रेस को लगातार झटके

महाराष्ट्र में कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है क्योंकि वरिष्ठ नेताओं के इस्तीफों का सिलसिला जारी है। सबसे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता मिलिंद देवड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दिया था। उनके बाद पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी ने भी कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। अब अशोक चव्हाण के इस्तीफे के बाद कुछ और नेताओं के इस्तीफे की चर्चाएं हैं। चव्हाण के इस्तीफा के बाद भाजपा में हलचल तेज हो गई है और जल्द ही उनके भाजपा का दामन थामने की संभावना है।

Tags:    

Similar News