Delhi News: दिल्ली में 8 मार्च को हो सकती है महिला समृद्धि योजना की शुरुआत, तैयारी में जुटी भाजपा सरकार

Delhi News: महिला समृद्धि योजना को लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बीच दिल्ली सरकार 8 मार्च को महिला समृद्धि योजना की शुरुआत कर सकती है।;

Update:2025-03-02 12:19 IST

Delhi News

Delhi News: भारतीय जनता पार्टी दिल्ली के विधानसभा चुनाव में अपने सबसे बड़े चुनावी वादे को पूरा करने की तैयारी में जुटी हुई है। महिला समृद्धि योजना को लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बीच दिल्ली सरकार 8 मार्च को महिला समृद्धि योजना की शुरुआत कर सकती है। 8 मार्च की तारीख को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि उसी दिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है।

जानकार सूत्रों का कहना है कि उस दिन दिल्ली सरकार की ओर से राजधानी की कुछ महिलाओं के खाते में पैसे भी ट्रांसफर किए जा सकते हैं। दिल्ली का विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में राजधानी की महिलाओं को ढाई हजार रुपए प्रति माह देने का बड़ा वादा किया था।

विलंब को लेकर आप भाजपा पर हमलावर

आम आदमी पार्टी की ओर से लगातार यह सवाल उठाया जा रहा है कि दिल्ली सरकार की ओर से अभी तक इस बाबत आदेश क्यों नहीं पारित किया गया। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी ने इस बाबत दिल्ली सरकार को चिट्ठी भी लिखी थी। आर्थिक दबाव होने के बावजूद दिल्ली सरकारी इस मामले को लटकाना नहीं चाहती। ऐसे में माना जा रहा है कि 8 मार्च को महिला समृद्धि योजना का पंजीकरण शुरू करने के साथ ही कुछ महिलाओं के खाते में पैसा ट्रांसफर किया जा सकता है।

वैसे दिल्ली सरकार की ओर से अभी तक इस बाबत आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा गया है। सूत्रों का कहना है कि 8 मार्च को दिल्ली सरकार की ओर से महिला समृद्धि योजना के संबंध में बड़ा आयोजन करने की तैयारी है। इस आयोजन में दिल्ली के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा। इस आयोजन में भाजपा के शीर्ष नेता भी हिस्सा ले सकते हैं।

तैयारी में जुटी दिल्ली सरकार

महिला समृद्धि योजना को अमली जामा पहनाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ कई बैठक भी कर चुकी हैं। इन बैठकों के दौरान योजना की योग्यता और शर्तों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई थी। अफसरों को इस आधार पर प्रस्ताव बनाने का निर्देश भी दिया गया था। दिल्ली सरकार के अफसर अन्य राज्यों में चल रही इस तरह की योजनाओं का अध्ययन करने में भी जुटे हुए हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि पिछली आप सरकार ने दिल्ली की आर्थिक व्यवस्था को चौपट कर रखा है मगर इसके बावजूद सरकार की ओर से महिलाओं को ढाई हजार रुपए महीना देने का वादा जरुर पूरा किया जाएगा। उनका कहना है कि भाजपा के घोषणा पत्र में किए गए सारे वादे दिल्ली सरकार की ओर से पूरे किए जाएंगे।

राजधानी की महिलाओं को होगा बड़ा फायदा

आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को इस योजना के जरिए सशक्त बनाने की तैयारी है। करदाता, पेंशन पाने वाली महिलाएं या किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ उठाने वाली महिलाओं को महिला समृद्धि योजना के दायरे से बाहर किया जा सकता है। योजना की पात्र महिलाओं से सारे दस्तावेज माने जाएंगे और सत्यापन के बाद ही उन्हें इस योजना का लाभ मिल सकेगा। 

Tags:    

Similar News