Ujjain: महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान लगी भीषण आग, पुजारी समेत कई लोग झुलसे

Fire in Mahakal: भस्म आरती के दौरान यह हादसा हुआ और घटना में 13 लोग झुलस गए। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-03-25 02:57 GMT

Fire in mahakal (Photo: Social Media)

Fire in Mahakal: उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में सोमवार की सुबह भस्म आरती के दौरान भीषण आग लगने से कई लोगों के झुलसने की खबर है। होली का त्योहार होने के कारण भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में गुलाल उड़ाया जा रहा था जिससे आग लग गई और इसमें करीब 13 लोग झुलस गए। इस हादसे में झुलसने वाले लोगों में मंदिर के पुजारी और सेवक भी शामिल हैं।

सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया है। जिलाधिकारी का कहना है कि मंदिर में भस्म आरती के दौरान यह हादसा हुआ और घटना में 13 लोग झुलस गए। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।

भस्म आरती के दौरान हुआ हादसा

उज्जैन का महाकाल मंदिर पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है और इस मंदिर की भस्म आरती के प्रति लोगों में विशेष आकर्षण दिखता रहा है। सोमवार की सुबह भी भस्म आरती के समय बाबा भोलेनाथ के काफी संख्या में भक्त मौजूद थे। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए उज्जैन के जिलाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान गुलाल का भी प्रयोग किया जाता है।

जिला अस्पताल में घायलों का इलाज

जिलाधिकारी ने बताया कि भस्म आरती के दौरान गर्भ गृह के अंदर कपूर की आग भभक गई थी। आग लगने के कारण मंदिर के पुजारी और सेवक समेत 13 लोग झुलस गए। उन्होंने बताया कि मंदिर में झुलसने वालों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसी भी घायल का घाव ज्यादा गहरा नहीं है और सभी की स्थिति सामान्य बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि इस हादसे के कारण मंदिर में महाकाल के दर्शन में कोई समस्या पैदा नहीं हुई है और दर्शन का काम सुचारू रूप से चल रहा है।

काफी संख्या में मौजूद थे श्रद्धालु

होली का त्योहार होने के कारण आज महाकाल के मंदिर में काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। काफी संख्या में भक्त महाकाल के साथ होली मनाने के लिए मंदिर पहुंचे थे। हादसे में घायल होने वाले एक सेवक ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भस्म आरती के दौरान पूजा कर रहे पुजारी संजीव पर किसी ने पीछे से गुलाल डाल दिया।

सेवक ने बताया कि पीछे से डाला गया यह गुलाल दीपक पर गिरा। गुलाल में केमिकल होने की संभावना जताई जा रही है जिसकी वजह से आग भड़क गई। रंग-गुलाल से गर्भगृह की चांदी की दीवार को बचाने के लिए वहां फ्लैक्स लगाए गए थे मगर इसमें भी आग लगने के कारण आग विकराल हो गई।

घटना की जांच के आदेश

आग लगने के बाद इस पर काबू पाने का काफी तेजी से प्रयास किया गया। मंदिर में मौजूद लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद लेते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया। आग पर तो कुछ देर में काबू पा लिया गया मगर तब तक महाकाल मंदिर में भस्म आरती के मुख्य पुजारी संजय गुरु, विकास पुजारी, मनोज पुजारी, अंश पुरोहित, सेवक महेश शर्मा और चिंतामन गेहलोत सहित अन्य कई लोग झुलस हो गए।

जिलाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि इस अग्निकांड की जांच के आदेश दिए गए हैं। एक कमेटी इस पूरे मामले की जांच करके अपनी रिपोर्ट सौंपेगी ताकि आगे इस तरह की घटना को रोका जा सके।

Tags:    

Similar News