MCA के 5 बड़े फूड आउटलेट्स पर FDA का चाबुक! गंदगी से लेकर खराब खाने तक मिलीं खामियां, लाइसेंस सस्पेंड

FDA Suspends MCA Food Outlets License: मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) परिसर के 5 बड़े फूड आउटलेट्स पर FDA ने लाइसेंस सस्पेंड कर दिए। निरीक्षण में गंदगी, खराब रेफ्रिजरेशन, गलत फूड स्टोरेज और खाद्य सुरक्षा नियमों की गंभीर खामियां मिलीं।

Update:2026-08-24 22:36 IST

FDA Suspends MCA Food Outlets License: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के प्रतिष्ठित परिसर में संचालित 5 बड़े और प्रमुख फूड आउटलेट्स के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। खाद्य सुरक्षा के कड़े मानकों का खुला उल्लंघन करने, अस्वच्छता, घटिया फ्रीजिंग और रखरखाव में बड़ी खामियां पाए जाने के बाद यह सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई है। एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे के मार्गदर्शन में पूरे महाराष्ट्र भर में चलाए जा रहे व्यापक निरीक्षण अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई हुई है। इस राज्यव्यापी मुहिम के तहत एफडीए ने कुल 45 प्रमुख होटलों, रेस्तरां और ढाबों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 33 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, 25 स्थानों पर छापेमारी की गई और कुल 11 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

MCA परिसर के इन 5 बड़े आउटलेट्स पर गिरी गाज

जिन 5 आउटलेट्स पर एफडीए का डंडा चला है, उनमें परमिट रूम (Permit Room), पवेलियन (Pavilion), मेडिटेरेनियन (Mediterranean), ओरिएंटल स्विंग (Oriental Swing) और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर (Clubway & Pastry Counter) शामिल हैं। एफडीए की टीम ने 20 अगस्त को इन परिसरों की बारीकी से जांच की थी, जहां स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, प्रशीतन (Refrigeration) और सैनिटेशन से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं पकड़ी गईं।

जांच में खुली गंदगी और घटिया रखरखाव की पोल

एफडीए द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, निरीक्षण के दौरान आउटलेट्स में चौंकाने वाली कमियां पाई गईं:

परमिट रूम: रसोई के रेफ्रिजरेटर में भारी बर्फ जमी पाई गई, प्रवेश द्वार पर फर्श बेहद गंदा व फिसलन भरा था। कच्चे माल की गुणवत्ता खराब थी और पकाने के तेल की नियमित जांच का कोई रिकॉर्ड नहीं था।

पवेलियन: कोल्ड स्टोरेज में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन का खराब रखरखाव, रेफ्रिजरेटर का अस्वच्छ होना और फ्रोजन फूड को पिघलाने (Thawing) की गलत प्रणाली पाई गई।

मेडिटेरेनियन व ओरिएंटल स्विंग: भोजन पकाने वाले उपकरणों की अधूरी सफाई, किचन की छत का प्लास्टर और पेंट उखड़ा होना तथा तापमान नियंत्रण में भारी लापरवाही मिली।

क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर: कर्मचारियों द्वारा ग्लव्स (दस्ताने) न पहनना, कच्चे माल का अनुचित भंडारण और धूल व कीड़ों को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम न होना उजागर हुआ।

पुणे, नागपुर और मुंबई के इन मशहूर सेंटरों पर भी सख्त कार्रवाई

MCA के 5 आउटलेट्स के अलावा एफडीए ने राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी कड़ी कार्रवाई की है:

चाइना टाउन फास्ट फूड (मुलुंड): भोजन में अत्यधिक कृत्रिम रंग और एमएसजी (MSG) का प्रयोग, कॉकरोच का प्रकोप और ऑक्सीडाइज्ड तेल के बार-बार इस्तेमाल के कारण रजिस्ट्रेशन तुरंत निलंबित किया गया।

मोरया मिसल (पुणे): खाद्य पदार्थों में जहरीले कृत्रिम रंग मिलाने और एक्सपायरी डेट पार कर चुके उत्पादों का इस्तेमाल करने पर कार्रवाई हुई।

अन्य आउटलेट्स: माहिम के लेनेक्सिस फूडवर्क्स, शिवाजी पार्क के कैफे काडेल और नागपुर के सावजी उपहार गृह पर भी एफडीए का चाबुक चला है।

Tags:    

Similar News