'आतंकवादी कहां मिलेंगे...' राज्यसभा में BJP सांसद के बयान पर बवाल, कांग्रेस ने किया तीखा पलटवार

Parliament Monsoon Session: राज्यसभा में बीजेपी सांसद अनिल बोंडे के बयान के बाद कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। 'आतंकवादी कहां मिलेंगे...' जैसे नारों से सदन में हंगामा मच गया। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बीजेपी पर पलटवार किया।

Update:2026-08-06 17:17 IST

image Source- Social Media

Parliament Monsoon Session: संसद के उच्च सदन राज्यसभा (Rajya Sabha) में गुरुवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल सुखदेवराव बोंडे के एक बयान के बाद सदन का माहौल अचानक गर्म हो गया। चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष के सांसदों ने कांग्रेस (Congress) के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान सदन में 'आतंकवादी कहां मिलेंगे... कांग्रेस के दफ्तर में' जैसे नारे गूंजने लगे।

2014 से पहले के माहौल का किया जिक्र

राज्यसभा (Rajya Sabha) में चर्चा के दौरान अपनी बात रखते हुए डॉ. अनिल सुखदेवराव बोंडे ने साल 2014 से पहले के राजनीतिक माहौल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले बच्चा-बच्चा यह बोल सकता था कि कोयला चोर, भ्रष्टाचारी और आतंकवादी कहां मिलेंगे।

जैसे ही उन्होंने यह सवाल किया, सत्ता पक्ष में बैठे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अन्य सांसदों ने एक साथ नारा लगाया, 'कांग्रेस के दफ्तर में।'

'देशद्रोही कहां मिलेंगे' पर भी लगे नारे

इसके बाद डॉ. अनिल सुखदेवराव बोंडे ने सदन में आगे कहा कि देशद्रोही कहां मिलेंगे, सैन्य विरोधी कहां मिलेंगे और किसान विरोधी कहां मिलेंगे। उनके इन सवालों पर भी सत्ता पक्ष के सांसदों ने एक स्वर में नारा लगाया, 'कांग्रेस के दफ्तर में।'

लगातार हो रही नारेबाजी और हंगामे के बीच सदन का माहौल और अधिक गर्म हो गया।

उपसभापति हरिवंश ने किया हस्तक्षेप

सदन में बढ़ते शोर-शराबे और नारेबाजी को देखते हुए पीठासीन अधिकारी और राज्यसभा (Rajya Sabha) के उपसभापति हरिवंश ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने डॉ. अनिल सुखदेवराव बोंडे को टोकते हुए सख्त हिदायत दी कि वह केवल विषय पर ही बोलें और मुद्दे से न भटकें। उपसभापति ने कहा कि रिकॉर्ड पर सिर्फ वही बातें जाएंगी जो विषय से जुड़ी होंगी।

कांग्रेस ने किया पलटवार

भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसदों की ओर से लगे विवादित नारों पर कांग्रेस (Congress) ने भी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यदि बीजेपी सांसद की कही बात सच है तो सरकार यह बताए कि साल 2014 के बाद कांग्रेस दफ्तर से कितने आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया।

इमरान मसूद ने कहा कि आपकी सरकार आने के बाद आपने कांग्रेस दफ्तर में बैठे कितने आतंकवादियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। अगर ऐसा नहीं किया गया तो यह आपकी सरकार की नाकामी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान केवल लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश हैं।

Tags:    

Similar News