वह अपनी मौत के लिए...ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM मोदी को जान से मारने की धमकी, एजेंसियां अलर्ट
PM Modi Death Threat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 जुलाई के प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले जान से मारने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मेलबर्न में होने वाले 'मेलबर्न मीट्स मोदी' कार्यक्रम को लेकर ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस जांच कर रही है और धमकी से जुड़े आईपी एड्रेस की पहचान भी कर ली गई है।
Image Source- Ai
PM Modi Death Threat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के 9 जुलाई को प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया (Australia) दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। मेलबर्न (Melbourne) में आयोजित होने वाले 'मेलबर्न मीट्स मोदी' (Melbourne Meets Modi) कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया (Social Media) पर मिली जान से मारने की धमकी के बाद ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने जांच शुरू कर दी है।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है और इसमें भारतीय समुदाय की बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है।
फेसबुक पोस्ट के नीचे दी गई धमकी
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धमकी फेसबुक (Facebook) पर उस पोस्ट के नीचे दी गई थी, जिसमें मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम (Marvel Stadium) में आयोजित होने वाले कम्युनिटी कार्यक्रम का प्रचार किया गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक 'अबू मुस्तफा' (Abu Mustafa) नाम के एक फेसबुक अकाउंट से टिप्पणी की गई थी। इस टिप्पणी में लिखा गया था कि कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद रखना बेहतर होगा, अन्यथा प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आ रहे हैं।
यह पोस्ट सामने आने के बाद मामले को तत्काल ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस के पास भेज दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।
जांच एजेंसियों ने की IP एड्रेस की पहचान
जानकारी के अनुसार जांच एजेंसियों ने इस सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस (IP Address) की पहचान कर ली है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह टिप्पणी किस व्यक्ति ने की और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी।
अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस मामले में किसी आपराधिक कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं। हालांकि ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस की ओर से अब तक जांच को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि किसी भी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख को दी गई धमकी को ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से लेती हैं। यही वजह है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कई एजेंसियों के पास होगी। इसमें ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस, राज्य पुलिस और विशेष सुरक्षा इकाइयां शामिल रहेंगी।
अधिकारियों द्वारा सभी कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान द्विपक्षीय वार्ताओं में हिस्सा लेने के साथ-साथ भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। ऐसे में मेलबर्न का यह कार्यक्रम काफी अहम माना जा रहा है।
ऑनलाइन मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले की गहन जांच लगातार जारी है।