19 साल के साहिल के शरीर में 200 छर्रे...राहुल गांधी ने बोतल में बंद किया ‘सबूत’, दिल्ली पुलिस से भिड़े

Rahul Gandhi Dharna Row: दिल्ली में राहुल गांधी 19 साल के साहिल लोचब के साथ थाने पहुंचे और बोतल में छर्रे दिखाते हुए FIR की मांग की। दावा है कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे मिले हैं।

Update:2026-08-21 17:35 IST

Rahul Gandhi Dharna Row: देश की राजधानी नई दिल्ली में सियासी भूचाल आ गया है। पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक प्लास्टिक की पारदर्शी बोतल लेकर सड़क पर बैठ गए। इस बोतल के अंदर जमा धातु के छर्रे केवल लोहे के टुकड़े नहीं थे, बल्कि सिस्टम पर सीधे-सीधे दागे गए सनसनीखेज सवाल थे। 20 जुलाई को नीट (NEET) पर्चा लीक के खिलाफ हुए आंदोलन के बाद का यह सबसे नाटकीय मोड़ साबित हो रहा है।

19 साल के साहिल के शरीर में 200 छर्रे!

राहुल गांधी के साथ थाने पहुंचे 19 साल के छात्र साहिल लोचब की आपबीती सुनकर वहां मौजूद हर शख्स सन्न रह गया। एम्स (AIIMS) की मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए खुलासा किया गया कि इस बेकसूर छात्र के शरीर में 200 से भी ज्यादा खतरनाक छर्रे धंसे हुए हैं। इतना ही नहीं, बेहद संवेदनशील ऑपरेशन के बाद उसकी आंख से 3 छर्रे निकाले गए हैं, जिसके कारण उसके एक आंख की रोशनी हमेशा के लिए चली गई है। डॉक्टरों का कहना है कि कुछ छर्रे उसके दिल के बेहद करीब मौजूद हैं, जिन्हें निकालना जानलेवा हो सकता है।

कांच की बोतल में बंद 'खाकी' का सच?

इतिहास में यह पहली बार था जब विरोध प्रदर्शन में इस्तेमाल किए गए इन जानलेवा छर्रों को सरेआम जनता और मीडिया के सामने पेश किया गया। प्लास्टिक की बोतल लहराते हुए राहुल गांधी ने पुलिस प्रशासन के दावों की धज्जियां उड़ा दीं। दिल्ली पुलिस लगातार यह दावा कर रही थी कि उनके जवानों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन (छर्रे वाली बंदूक) का इस्तेमाल नहीं किया। राहुल गांधी ने सीधे सवाल दागा कि अगर पुलिस ने फायरिंग नहीं की, तो फिर एम्स में भर्ती छात्र के शरीर और आंख से ये 200 छर्रे कहां से आए?

FIR की मांग पर अड़े, थाने के बाहर लगा दिग्गजों का डेरा

साहिल को इंसाफ दिलाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज कराने की मांग को लेकर राहुल गांधी सीधे थाने के अंदर जा पहुंचे। जब पुलिस अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज करने से साफ इनकार कर दिया, तो राहुल गांधी थाने के मुख्य दरवाजे के बाहर ही जमीन पर धरना देकर बैठ गए। मामला गरम होते ही कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और जयराम रमेश भी मौके पर पहुंच गए और थाने के बाहर नेताओं की भारी भीड़ जुट गई।

जब तक केस दर्ज नहीं होगा, तब तक नहीं हटेंगे!

थाने के बाहर जमा जनसैलाब को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दो टूक शब्दों में ऐलान कर दिया है कि यह लड़ाई अब आर-पार की है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जब तक पुलिस इस पूरे कांड की निष्पक्ष एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं कर लेती, तब तक वे इस जगह से एक इंच भी पीछे नहीं हटने वाले हैं। संसद मार्ग थाने के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस बल तैनात है, लेकिन इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पूरी सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

Tags:    

Similar News