Mission 2024: 20 साल बाद शिवराज फिर लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, जानिए कौन कहां से लड़ेगा

Mission 2024: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री विदिशा से ठोकेंगे ताल, ज्योतिरादित्य सिंधिया को गुना से लड़ाएगी पार्टी।

Update:2024-03-01 16:58 IST

Shivraj Singh (Pic:Social Media)

Mission 2024: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा से लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुध्य प्रदेश के गुना से मैदान में उतारने की तैयारी है। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय नेतृत्व शिवराज को विदिशा या भोपाल से लोकसभा का चुनाव लड़ाना चाहती है। ऐसा हुआ तो 20 साल बाद शिवराज सिंह फिर से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। विदिशा शिवराज सिंह चौहान का पुराना क्षेत्र है। वे कई बार यहां से लोकसभा के लिए चुने जाते रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनावों के लिए जल्द ही अपनी लिस्ट जारी करने वाली है। इस बीच मध्य प्रदेश की लोकसभा सीटों को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों की मानें तो बीजेपी इस बार पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदिशा या भोपाल में से किसी एक संसदीय सीट से अपना उम्मीदवार बना सकती है। मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की सीट बदले जाने की चर्चाएं हैं। वह छतरपुर लोकसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हो सकते हैं।

शिवराज सिंह चौहान

-शिवराज सिंह चौहान 1990 में पहली बार बुधनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे।

-इसके बाद 1990 में विदिशा संसदीय क्षेत्र से पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए।

-1996 में 11वीं लोकसभा के लिए शिवराज सिंह फिर से विदिशा से ही सांसद चुने गए।

-विदिशा से ही 1998 में तीसरी बार 12वीं लोकसभा के लिए शिवराज सिंह चुने गए।

-शिवराज सिंह 1999 में चौथी बार 13वीं लोकसभा के लिए विदिशा से ही लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।

-2004 में शिवराज सिंह चौहान पांचवीं बार विदिशा से ही सांसद चुने गए।

20 साल बाद फिर लड़ेंगे चुनाव

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 साल बाद फिर से लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। 20 साल बाद फिर से वे विदिशा से ही लोकसभा का चुनाव लड़ने वाले हैं जहां से वे पांच बार लगातार सांसद चुने जाते रहे थे।

सिंधिया को गुना से लड़ाने की तैयारी

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को गुना से लड़ाने की तैयारी है। बता दें कि सिंधिया 2019 का लोकसभा चुनाव भाजपा उम्मीदवार से हार गए थे। उस समय सिंधिया कांग्रेस में थे।

Tags:    

Similar News