Tej Pratap Yadav News: तेज प्रताप पर गंभीर आरोप, उज्जैनी से मिलने के लिए घर में जबरन घुसने का दावा; कोर्ट में मुकदमा
Tej Pratap Yadav News: आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव एक बार फिर विवादों में हैं। आकाश यादव ने पटना कोर्ट में नालसी मामला दर्ज कर घर में जबरन घुसने, धमकी देने और भांजी उज्जैनी से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले के बाद पुराना रिलेशनशिप विवाद भी फिर चर्चा में आ गया है।
Tej Pratap Yadav News: आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। लंबे समय से शांत पड़ा उनका कथित रिलेशनशिप विवाद अब दोबारा चर्चा में आ गया है। इस बार मामला पटना कोर्ट तक पहुंच गया है। आकाश यादव नाम के व्यक्ति ने तेज प्रताप के खिलाफ नालसी मामला दर्ज कराया है और कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
घर में जबरन घुसने का आरोप
आकाश यादव का आरोप है कि 6 जून की रात जब वह राजस्थान में थे, तब तेज प्रताप यादव अपने सहयोगी मोतीलाल यादव के साथ उनके घर पहुंचे और अंदर जाने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक, घर में मौजूद परिवार के लोगों ने दरवाजा नहीं खोला, लेकिन बाद में दूसरे बहाने से तेज प्रताप घर के अंदर पहुंच गए। आकाश का कहना है कि तेज प्रताप पहले भी कई बार बिना अनुमति उनके घर आते रहे हैं और परिवार डर के कारण उन्हें रोक नहीं पाता था।
भांजी से मिलने को लेकर विवाद
शिकायत में कहा गया है कि तेज प्रताप यादव उनकी भांजी उज्जैनी से मिलने के लिए घर पहुंचे थे। आकाश के अनुसार, जब उन्होंने इस बारे में अपने सहयोगी मोतीलाल यादव से फोन पर बात की, तो बाद में उनकी बातचीत तेज प्रताप से कराई गई। आकाश का आरोप है कि इस दौरान उन्हें धमकी दी गई और कहा गया कि अगर उन्होंने मुलाकात में बाधा डाली तो उनकी भांजी का अपहरण कराया जा सकता है। हालांकि इन आरोपों पर अभी तक तेज प्रताप यादव की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मिलने का दावा
आकाश यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के कुछ समय बाद उन्हें एक विदेशी नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आकाश का कहना है कि इस घटना के बाद उनका पूरा परिवार डरा हुआ है और सुरक्षा को लेकर चिंता में है।
पुलिस में शिकायत के बाद कोर्ट का रुख
आकाश यादव के मुताबिक, उन्होंने 10 जून को पाटलिपुत्र थाना में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन मामला दर्ज नहीं होने पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट में दायर याचिका के साथ उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत की प्रति और कुछ सबूत भी जमा किए हैं।
पहले भी सुर्खियों में रहा था मामला
कुछ महीने पहले तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के कथित रिश्ते को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी। सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें सामने आई थीं और दावा किया गया था कि दोनों कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। बाद में वह पोस्ट हटा दी गई थी। तेज प्रताप यादव ने उस समय कहा था कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई है।
परिवार से दूरी के बाद फिर बढ़ी नजदीकियां
इस पूरे विवाद के बाद लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से अलग कर दिया था। हालांकि हाल के दिनों में परिवार के साथ उनके संबंधों में सुधार की खबरें सामने आई थीं। वह हाल ही में अपने भाई तेजस्वी यादव के बेटे के जन्मदिन समारोह में भी शामिल हुए थे। अब पटना कोर्ट में मामला पहुंचने के बाद यह विवाद एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है।