निकल गई वड़ा पाव गर्ल की सारी हेकड़ी! पति की सिर्फ एक धमकी... और सिट्टी-पिट्टी गुल... डर गई चंद्रिका?
Vada Pav Girl Controversy: वड़ा पाव गर्ल चंद्रिका दीक्षित की सारी हेकड़ी निकल गई! पति युगम गेरा ने दुकान के बाहर से वीडियो बनाकर दी ऐसी धमकी कि चंद्रिका की सिट्टी-पिट्टी गुल हो गई।
Vada Pav Girl Controversy: सोशल मीडिया की दुनिया में वड़ा पाव बेचकर मशहूर हुई चंद्रिका दीक्षित उर्फ 'वड़ा पाव गर्ल' इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर ऐसे मोड़ पर खड़ी हैं, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। कभी अपने पति युगम गेरा के साथ प्यार भरे वीडियो बनाने वाली चंद्रिका अब उनके साथ कानूनी और जुबानी जंग लड़ रही हैं। मामला अब सिर्फ घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इंस्टाग्राम की स्टोरीज और वीडियोज के जरिए पूरी दुनिया के सामने आ चुका है। आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला इतना बढ़ गया है कि अब फैंस भी हैरान हैं कि आखिर सच क्या है और क्या यह सब बिग बॉस के बाद का कोई नया ड्रामा है?
'चीटिंग' और 'अफेयर' के बीच फंसी वड़ा पाव गर्ल
विवाद की शुरुआत तब हुई जब चंद्रिका ने अपने पति युगम गेरा पर धोखेबाजी (चीटिंग) का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उनकी शादीशुदा जिंदगी एक बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब पति युगम ने चुप्पी तोड़ते हुए चंद्रिका पर ही पलटवार कर दिया। युगम का कहना है कि चंद्रिका उन पर झूठे आरोप लगा रही हैं और असलियत यह है कि चंद्रिका खुद किसी 'मिस्ट्री मैन' के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर में हैं। युगम सोशल मीडिया पर लगातार चंद्रिका के उन वीडियोज को शेयर कर रहे हैं जिनमें वह एक अनजान शख्स के साथ नजर आ रही हैं। युगम का सीधा सवाल है कि आखिर यह बंदा कौन है जिसके साथ उनकी पत्नी आजकल इतना वक्त बिता रही हैं?
पति की खुली चुनौती और चंद्रिका का डर
हाल ही में युगम ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा वीडियो शेयर किया जिसने इंटरनेट पर आग लगा दी है। इस वीडियो में युगम चंद्रिका की दुकान के सामने खड़े हैं और वहां से उन्हें खुली चुनौती दे रहे हैं। युगम ने वीडियो में कहा, "क्या हुआ चंद्रिका, आज दुकान क्यों नहीं खुली? डर गई क्या? वीडियो तो तूने डिलीट कर ही दी, लेकिन मुझे उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जो डरता है वही भागता है।" युगम का यह तेवर साफ बता रहा है कि वह अब पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह वहीं मिलेंगे और चंद्रिका जब चाहे तब उनसे सामना कर सकती हैं। पति की इस धमकी के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है कि क्या वाकई वड़ा पाव गर्ल इस विवाद से डरकर छिप रही हैं?
क्या यह सिर्फ पब्लिसिटी स्टंट है या कड़वी सच्चाई?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सस्पेंस वह 'मिस्ट्री मैन' है जिसे युगम अनजान बता रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस शख्स के बारे में युगम सवाल पूछ रहे हैं, वह कुछ महीने पहले तक चंद्रिका और युगम दोनों के साथ वीडियो में नजर आता था। इंस्टाग्राम पर ऐसे कई पुराने वीडियो मौजूद हैं जिनमें ये तीनों साथ दिख रहे हैं। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि जो शख्स पहले से ही परिवार का हिस्सा या दोस्त था, उसे युगम अब अनजान कैसे बता सकते हैं? क्या यह पूरा झगड़ा सिर्फ फॉलोअर्स बढ़ाने का एक नया तरीका है? दूसरी तरफ चंद्रिका ने भी एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि जब जिंदगी ही टेम्परेरी है तो कोई और परमानेंट कैसे हो सकता है। अब देखना यह होगा कि बिग बॉस ओटीटी 3 का हिस्सा रही चंद्रिका इस निजी युद्ध का अंत कैसे करती हैं।