झारखंड: मिली 21 सड़क परियोजनाओं की सौगात, CM बोले ऐतिहासिक दिन

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने झारखंड को मिली सड़क परियोजनाओं के लिए केंद्र को धन्यवाद दिया है।

Update: 2021-04-03 14:50 GMT

झारखंड: मिली 21 सड़क परियोजनाओं की सौगात, CM बोले ऐतिहासिक दिन

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि, राज्य के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। राज्यवासियों को कई सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली है। बेहतर सड़कों के निर्माण से विकास कार्यों में तेजी आएगी। झारखंड में खनिज संपदाओं की ट्रांसपोर्टिंग सड़क मार्ग से ज्यादा होती है। अतः यहां गुणवत्तापूर्ण सड़क होना आवश्यक है। ये बातें मुख्यमंत्री ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में 3550 करोड़ रुपए की लागत की कुल 539 किलोमीटर लम्बी 21 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

झारखंड में सड़क निर्माण की गति

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि, केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2017-18 में 205 करोड़ रुपए, 2018-19 में 169 करोड़ रुपए, 2019-20 में लगभग 500 करोड़ रुपये और वित्तीय वर्ष 2020-21 में 675 करोड़ रुपये राज्य के सड़कों के विकास के निमित्त आवंटित किए गए। आज हम सड़क निर्माण कार्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि, राज्य सरकार सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण और फॉरेस्ट क्लीयरेंस के प्रति सजग है। हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ सड़क निर्माण कार्य में एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित कर आगे बढ़ने का कार्य कर रही है।

झारखंड को हरमुमकिन सहयोग

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि, झारखंड में सड़क निर्माण कार्य राज्य सरकार की इच्छा के अनुरूप ही किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि, भारतमाला योजना के तहत बन रहे इकोनामिक कॉरिडोर का अगले वित्तीय वर्ष तक पूरा कर लिया जाएगा ।उन्होने कहा कि, झारखंड में अगले 3 वर्षो में एक लाख करोड़ रुपए सड़क निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि, भू-अर्जन एवं वन प्रस्ताव की प्रक्रिया को तीव्रता से पूर्ण किया जाए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, राज्य सरकार जल्द से जल्द सभी सड़कों का डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को प्रेषित करे ताकि, सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लायी जा सके। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी अपने विचार रखे।

भाजपा ने केंद्र को दिया धन्यवाद

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने झारखंड को मिली सड़क परियोजनाओं के लिए केंद्र को धन्यवाद दिया है। उन्होने कहा कि, केंद्र सरकार झारखंड को रोड इंफ्रास्ट्रक्चर मामले में वेस्टर्न यूरोप और अमेरिका के स्तर की सड़क बनाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि, 3,550 करोड़ की कुल लागत से 539 कि.मी. कुल लंबाई की यह राजमार्ग परियोजनाएं राज्य में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ आवागमन और वस्तुओं की ढुलाई सुगम करेगी। भाजपा के इस बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि, केंद्र सरकार द्वारा सड़क परियोजनाओं के लिए राशि उपलब्ध कराने का वादा करना छलावा मात्र है।

रांची से शाहनवाज़ की रिपोर्ट।

Tags:    

Similar News