Meerut News: आम आदमी पार्टी पंजाब का पैसा खर्च कर रही यूपी प्रचार में, जानिए कैसे

Meerut News: आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत के बाद तेजी से देश के अन्य राज्यों में अपना विस्तार कर रही है। इसी विस्तार में सरकारी पैसों का भी खूब इस्तेमाल किया जा रहा है।

Update: 2023-03-18 21:22 GMT
आम आदमी पार्टी पंजाब का पैसा खर्च कर रही यूपी प्रचार में: Photo- Social Media

Meerut News: आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत के बाद तेजी से देश के अन्य राज्यों में अपना विस्तार कर रही है। इसी विस्तार में सरकारी पैसों का भी खूब इस्तेमाल किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां निकाय चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछाई जाने लगी है। ओबीसी आयोग ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है, जिसे कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद नए तरीके से आरक्षण सूची जारी की जाएगी। योगी सरकार के साथ-साथ निर्वाचन आयोग जिस तरह से तैयारी कर रहा है, उससे लगता है कि अप्रैल-मई में चुनाव कराए जा सकते हैं।

उत्तर प्रदेश में आप पार्टी ने 2022 में उप्र विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत हासिल करने में विफल रही। अब आप स्थानीय निकाय चुनावों में जीत के लिए राज्य में अपना प्रभाव बनाने की कोशिश कर रही है। इसके पार्टी द्वारा सरकारी पैसे का इस्तेमाल भी खुलकर किया जाने लगा है। इसका प्रमाण पंजाब सरकार के सरकारी विज्ञापन हैं, जो कि इन दिनों उत्तर प्रदेश के प्रमुख समाचार-पत्रों में कुछ दिनों के अंतराल के बाद लगातार करोड़ो रुपये के विज्ञापन जारी किये जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की जनता को लुभा रही आम आदमी पार्टी

इन विज्ञापनों को उत्तर प्रदेश के समाचार पत्रों में प्रकाशित करा कर पार्टी उत्तर प्रदेश की जनता को यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि उत्तर प्रदेश में अगर आम आदमी पार्टी को लाया जाता है तो उत्तर प्रदेश के लिए भी आम आदमी पार्टी ऐसा ही कुछ करेगी जैसा कि पंजाब में क्या जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर रेलवे सलाहाकार समिति के सदस्य अंकित चौधरी ने कहा कि केजरीवाल और भगवंत मान सेल्फ प्रमोशन के लिए लोगों के पैसे का दुरुपयोग कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव चौधरी यशपाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पब्लिसिटी की ऑक्सीजन पर चल रही है। अफसोस की बात यह है कि पंजाब के लोंगो का पैसा यूपी में प्रचार पर खर्च हो रहा है। जोकि पंजाब के लोगों के साथ सरासर धोखा है।

बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) ने शहरी मतदाताओं को लुभाने के लिए ''हाउस टैक्स हाफ, वाटर टैक्स माफ'' नारे के साथ उत्तर प्रदेश में होने वाले शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए रणनीति तैयार की है। उत्‍तर प्रदेश में करीब 762 नगर निकाय हैं जिनमें 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद और बाकी नगर पंचायतें हैं। स्थानीय निकाय चुनाव में आरक्षण के लिए ओबीसी कमेटी ने अपनी रिपोर्ट दे दी है जिसे उत्‍तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल ने भी मंजूरी दे दी है और आप को उम्मीद है कि जल्द ही सरकार चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगी।

आम आदमी पार्टी पर सरकारी पैसों का इस्तेमाल का आरोप लग चुके हैं पहले भी

यहां बता दें कि आम आदमी पार्टी पर सरकारी पैसों का इस्तेमाल किये जाने के आरोप नये नहीं हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुजरात चुनाव प्रचार के लिए पंजाब सरकार की ओर से एक विमान किराए पर लिया गया था। मुख्यमंत्री के इस दौरे पर ले जाए गए विमान का कुछ खर्च करीब 44.85 लाख रुपए आया था। मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ इस दौरे पर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी गए हुए थे। इसका खुलासा एक आरटीआई के बाद हुआ था। गुजरात के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान हिमाचल प्रदेश गए थे। इस दौरे की आरटीआई में जानकारी मांगी गई थी लेकिन,इस बारे में कोई भी सूचना नहीं दी गई।

Tags:    

Similar News