Narendra Modi Achievements: मोदी सरकार के 12 वर्ष: राजनीतिक, आत्मनिर्भर भारत की नई उड़ान

Narendra Modi Achievements: मोदी सरकार के 12 वर्षों में राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक बदलावों के साथ आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और वैश्विक नेतृत्व की नई पहचान बनी।

Update:2026-05-29 15:25 IST

Narendra Modi Achievements(Photo-Social Media)

Narendra Modi Achievements: बारह वर्ष पूर्व 26 मई को भारतीय राजनीति में एक स्वर्णिम अध्याय का आरंभ हुआ। देश में पहली बार पूर्ण बहुमत की विशुद्ध गैर-कांग्रेसी सरकार बनी। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम की भावना से ओतप्रोत राजनीति के एक नए युग का आरंभ हुआ, जिसने भारत की जन-जन की आकांक्षाओं को विस्तार दिया। सरकारी फाइलों में दबे सपनों ने चंद्रमा पर उतरकर भारतीय ध्वज फहराया, अंतरिक्ष की नई ऊंचाइयों को छुआ और देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर हुआ। यह भारत की “फ्रेजाइल फाइव” से “टॉप फाइव” तक की यात्रा के बारह वर्ष हैं। मोदी सरकार का यह कार्यकाल राष्ट्र के पुनर्निर्माण का काल माना जा सकता है। आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत वैश्विक नेता के रूप में स्थापित हो रहा है। युद्ध और राजनीतिक अस्थिरता के इस दौर में, जब विश्व के कई देशों में सत्ता परिवर्तन हो रहे हैं, तब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता बनी हुई है।

सामान्य नागरिक जीवन से लेकर राष्ट्र जीवन तक शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो, जो नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विचारों से अछूता रहा हो। स्वच्छ भारत मिशन, मेक इन इंडिया, रक्षा आत्मनिर्भरता, आयुष्मान भारत और सांस्कृतिक पुनरोदय जैसे अभियान नए भारत के निर्माण की आधारशिला बने हैं। संकल्प से सिद्धि तक की यह यात्रा वास्तव में उल्लेखनीय रही है।

भाजपा के तीन पारंपरिक संकल्पों की सिद्धि

सनातन समाज के श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को राजनीतिक समर्थन देने के बाद भाजपा का राजनीतिक कद तेजी से बढ़ा। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण पार्टी के प्रमुख एजेंडे में शामिल हुआ। विरोधियों ने लंबे समय तक “मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे” जैसे नारों के माध्यम से उपहास किया, लेकिन आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बन चुका है और विश्वभर के हिंदू समाज को गर्व का अनुभव करा रहा है।

भाजपा का दूसरा प्रमुख विषय धारा 370 था, जिसके लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना बलिदान दिया था। कश्मीर की अलगाववादी राजनीति करने वाले दल लगातार चुनौती देते रहे कि यदि धारा 370 हटाई गई तो कोई तिरंगा उठाने वाला नहीं बचेगा। किंतु धारा 370 और अनुच्छेद 35A दोनों समाप्त हुए और आज कश्मीर मुख्यधारा में आगे बढ़ रहा है। समान नागरिक संहिता भाजपा का तीसरा प्रमुख मुद्दा रहा है। भाजपा शासित राज्यों में इसे लागू करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

आतंकवाद के विरुद्ध शून्य सहनशीलता और रक्षा आत्मनिर्भरता

वर्ष 2014 के बाद भी भारत में कुछ बड़े आतंकी हमले हुए, लेकिन मोदी सरकार ने उनका कड़ा प्रतिकार किया। वर्ष 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की गूंज विश्वभर में सुनाई दी। नया भारत अब शत्रु के घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखता है।

भारत ने सीमा सुरक्षा और आतंकवाद से निपटने के लिए अपनी सेनाओं को लगातार मजबूत किया है। देश आधुनिक स्वदेशी मिसाइलों, ड्रोन और रक्षा तकनीकों का विकास कर रहा है। सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम विकसित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में रक्षा गलियारों का विकास भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आत्मनिर्भर भारत और आर्थिक सुधार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का अभियान शुरू किया। “मेक इन इंडिया” के माध्यम से आयात पर निर्भरता कम करने का प्रयास किया गया। कोविड काल के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्युटिकल, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए विशेष योजनाएं शुरू की गईं। “लोकल फॉर वोकल” अभियान ने भारतीय उत्पादों को बढ़ावा दिया, जबकि “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” के जरिए व्यापारिक माहौल को सरल बनाया गया। जीएसटी लागू होने से देश में एकीकृत कर प्रणाली स्थापित हुई। इससे “एक राष्ट्र, एक कर” की अवधारणा साकार हुई और कर प्रणाली अधिक पारदर्शी बनी।

अवसंरचना और डिजिटल क्रांति

मोदी सरकार ने अवसंरचना विकास को प्राथमिकता दी। आधुनिक एक्सप्रेसवे, विश्वस्तरीय एयरपोर्ट और रेलवे नेटवर्क के विस्तार ने देश की रफ्तार बढ़ाई है। इसरो ने अंतरिक्ष क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। डिजिटल इंडिया अभियान और यूपीआई ने भारत की अर्थव्यवस्था को डिजिटल स्वरूप प्रदान किया। आज दुनिया के कई देश भारत के डिजिटल मॉडल को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

भारत की सॉफ्ट पावर और नारी सशक्तिकरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग, अध्यात्म, कला, संस्कृति और खेलों के माध्यम से भारत की सॉफ्ट पावर को वैश्विक पहचान दिलाई। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व में मनाया जाता है। कुम्भ मेले को समझने और देखने के लिए दुनिया भर से लोग भारत आए। “खेलो इंडिया” अभियान ने युवाओं को वैश्विक मंचों के लिए तैयार किया। भारतीय हस्तशिल्प को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। ट्रिपल तलाक की समाप्ति, नारी शक्ति वंदन अधिनियम और “लखपति दीदी” जैसी योजनाओं ने महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

माओवाद से मुक्ति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाया गया। सरकार ने 31 मार्च 2026 तक नक्सली हिंसा समाप्त करने का संकल्प लिया था और इस दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। आज केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर आशा की दृष्टि से देखता है। कोविड काल में भारत ने “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना के तहत अनेक देशों की सहायता की। आतंकवाद के मुद्दे पर भारत ने स्पष्ट और सुसंगत नीति अपनाई। यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी को अब तक 32 देशों द्वारा सर्वोच्च सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री को मिलने वाला प्रत्येक सम्मान वास्तव में भारत का सम्मान है।

Tags:    

Similar News