लॉकडाउन में धोनी का कमाल: सीख लिया नया हुनर, अब ये काम करने का इरादा

उनके करीबियों का कहना है कि धोनी ने हाल में रांची के सैंबो इलाके में स्थित अपने फार्म हाउस पर ऑर्गेनिक खेती शुरू की है।

Update: 2020-06-04 06:49 GMT
dhoni riding tractor

रांची। कोरोना संकट के कारण घोषित लॉकडाउन ने देश की अर्थव्यवस्था को चोट जरूर पहुंचाई है मगर इस दौरान काफी संख्या में लोगों ने अपने दिलचस्पी वाले कामों में हाथ भी आजमाए हैं। ऐसे में हमेशा कुछ नया करने का जज्बा रखने वाले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी कहां चुप बैठने वाले थे। उन्होंने भी लॉकडाउन की अवधि का सदुपयोग करते हुए अपने फार्म हाउस में जैविक खेती की बारीकियां सीखीं। धोनी ने न केवल नया ट्रैक्टर खरीदा बल्कि उसे चलाना भी सीख लिया। अपने फार्म हाउस में धोनी का ट्रैक्टर चलाते हुए नया अवतार दिखा है।

लॉकडाउन में सीखा ट्रैक्टर चलाना

आईपीएल में धोनी ने कई साल तक चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी की है और उसे आईपीएल चैंपियन भी बनाया है। सीएसके ने धोनी के ट्रैक्टर चलाना सीखने के पलों को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। सीएसके ने इसके साथ एक मजेदार कैप्शन भी लिखा है कि क्या होगा अगर थाला (कप्तान) धोनी अपने इस नए बीस्ट पर सवार होकर राजा से मिलने जाएं? सीएसके की कप्तानी करने के कारण धोनी के दक्षिण भारत में काफी संख्या में प्रशंसक हैं और वे उन्हें थाला नाम से पुकारते हैं। दक्षिण भारत में इस शब्द का अर्थ होता है विषम परिस्थितियों में लड़कर सफलता हासिल करने वाला।

सीएसके ने शेयर किया वीडियो

धोनी टीम इंडिया के ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जिनमें हमेशा कुछ नया करने की धुन सवार रहती है और लॉकडाउन की अवधि के दौरान भी उन्होंने अपनी इस इच्छा को पूरा किया है। मैदान के भीतर या मैदान के बाहर धोनी हमेशा कुछ नया करने का जज्बा रखने वाले खिलाड़ी हैं। सीएसके की ओर से शेयर किए गए वीडियो में धोनी ट्रैक्टर पर घूमते दिख रहे हैं। ट्रैक्टर पर सवार एक अन्य व्यक्ति उन्हें ट्रैक्टर चलाने की ट्रेनिंग दे रहा है। साथ ही उन्हें ट्रैक्टर की पूरी फंक्शनिंग भी समझा रहा है।

धोनी ने शुरू कर दी जैविक खेती

उनके करीबियों का कहना है कि धोनी ने हाल में रांची के सैंबो इलाके में स्थित अपने फार्म हाउस पर ऑर्गेनिक खेती शुरू की है। उन्होंने पूजा पाठ के बाद काफी विधिविधान से ऑर्गेनिक खेती का काम शुरू किया है और अपने फार्म हाउस पर तरबूज और पपीते के पेड़ लगाए हैं। ऑर्गेनिक खेती में कामयाबी हासिल करने के लिए इन दिनों धोनी उसकी बारीकियां समझ रहे हैं। धोनी के करीबियों का कहना है कि इसी कारण उन्होंने खुद ट्रैक्टर चलाना भी सीखा है।

क्रिकेट की दुनिया में कमाल का प्रदर्शन

क्रिकेट की दुनिया में धोनी को कमाल का खिलाड़ी माना जाता रहा है और उन्होंने टीम इंडिया को कई ऐसे मैचों में जीत दिलाई है जिनमें जीत असंभव मानी जा रही थी। वे पिछले करीब एक साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। बीच-बीच में उनके संन्यास की खबर भी आती रही है। हालांकि उनके प्रशंसकों का मानना है कि वे निश्चित रूप से टीम इंडिया में वापसी करने में कामयाब होंगे।

अभिनेत्री के इस चीज को फाड़ने पर आहत हुए सूबेदार, फिर कर दी ये मांग

वर्ल्ड कप के बाद टीम से बाहर हैं धोनी

टीम इंडिया की ओर से उन्होंने अपना आखिरी मैच पिछले साल जुलाई में वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला था। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के हाथों हारने के बाद ही टीम इंडिया वर्ल्ड कप से बाहर हो गई थी। धोनी टीम इंडिया की ओर से 350 वनडे खेल चुके हैं और इन मुकाबलों में उन्होंने 10773 रन बनाए हैं।

इसके साथ ही धोनी ने 90 टेस्ट खेलकर 4876 और 98 टी 20 मुकाबले खेलकर 1617 रन बनाए हैं। शारीरिक रूप से वे अभी भी पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त हैं और यही कारण है की मीडिया में हमेशा उनकी वापसी की चर्चाएं होती रहती हैं।

मंत्रालय में मचा हड़कंप: सचिव के संक्रमित होने के बाद रक्षा मंत्रालय में अफरातफरी

Tags:    

Similar News