Hardik Pandya: इस सीजन में मुंबई इंडियंस की फील्डिंग खराब रही: हार्दिक पांड्या

Hardik Pandya: केकेआर के खिलाफ 4 विकेट से हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या निराश नजर आए। उन्होंने माना कि खराब फील्डिंग और पावरप्ले में विकेट गंवाना टीम की हार की बड़ी वजह रहा।

Update:2026-05-21 10:40 IST

Hardik Pandya

Hardik Pandya: आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन में मिली 9वीं हार से एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या खासा निराश नजर आए। हार्दिक ने माना कि पावरप्ले में अधिक विकेट गंवाना टीम को महंगा पड़ा।

मैच के बाद कप्तान हार्दिक ने कहा, "हां, मेरा मतलब है कि मैच काफी मजेदार था। एक बल्लेबाजी ग्रुप के तौर पर हमने 20 रन कम बनाए। मुझे लगता है कि हमने पावरप्ले में बहुत सारे विकेट गंवा दिए, लेकिन अगर तिलक और मैं ज्यादा देर तक टिके रहते और हमने कुछ और साझेदारियां करके 15 से 20 रन और बनाए होते, तो मुझे लगता है कि हमारे पास अच्छा मौका होता।"

पिच को लेकर कप्तान हार्दिक ने कहा, "सच कहूं तो मुझे इस तरह के विकेट पर खेलने में कोई दिक्कत नहीं है, जहां गेंदबाजों के पास करने के लिए कुछ होता है। मुझे लगता है कि आईपीएल में बल्लेबाजों का दबदबा काफी बढ़ता जा रहा है। गेंदबाज खुद को बेबस महसूस कर रहे हैं। मुझे लगता है कि इस मुकाबले में गेंदबाजों को भी विकेट से मदद मिल रही थी, जिसके चलते वे अच्छी गेंदबाजी कर सके।"

हार्दिक पांड्या ने माना कि मुंबई इंडियंस की पूरी सीजन में फील्डिंग काफी खराब रही। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि पूरे सीजन में, हम फील्डिंग में काफी खराब रहे हैं। मेरे हिसाब से हमने बहुत सारे कैच छोड़े हैं, जो जाहिर है कोई नहीं करना चाहता। मेरा मतलब है कि अगर आपको मौके मिलते हैं। अगर आप मैच जीतना चाहते हैं, तो आपको सभी मौकों का फायदा उठाना होगा, यहां तक कि मुश्किल कैचों को भी पकड़ना होगा।"

हार्दिक की कप्तानी में एमआई का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में काफी निराशाजनक रहा है। टीम इस सीजन अब तक खेले 13 मुकाबलों में सिर्फ 4 में ही जीत दर्ज कर सकी है, जबकि 9 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है। एमआई इस सीजन का अपना आखिरी लीग मुकाबला 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान वानखेड़े में खेलेगी।

Tags:    

Similar News