IPL: अगले सत्र में CSK की टीम में फिर नजर आएंगे महेंद्र सिंह धोनी, पूर्व कप्तान ने दिया बड़ा संकेत

IPL : आईपीएल के अगले सत्र में सबकी निगाहें टीम इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर लगी हुई हैं।

Newstrack :  Network
Update:2024-10-28 15:52 IST

IPL : आईपीएल के अगले सत्र में सबकी निगाहें टीम इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर लगी हुई हैं। अब सीएसके के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी यह है कि धोनी ने आईपीएल के अगले सत्र में खेलने का संकेत दिया है। फ्रेंचाइजी ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है कि धोनी सीएसके के लिए खेलने के लिए तैयार हैं। धोनी की कप्तानी में सीएसके की टीम कई बार आईपीएल चैंपियन बन चुकी है और अगले सत्र में धोनी के खेलने से सीएसके को फिर मजबूती मिलेगी।

धोनी को रिटेन करेगी सीएसके की टीम

आईपीएल के अगले सत्र के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं और फ्रेंचाइजी को अगले कुछ दिनों के दौरान खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने के बारे में फैसला लेना है। सभी फ्रेंचाइजी को 31 अक्टूबर तक रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची सौंपनी है। जानकारों का कहना है कि सीएसके की ओर से इस बार धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया जाएगा।

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल के पिछले सत्र की शुरुआत से पहले सीएसके की कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ को सीएसके की कप्तानी सौंपी गई थी। इसी कारण धोनी के भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जाती रही हैं।

पूर्व कप्तान ने दिया खेलने का संकेत

अब धोनी ने खुद इस बात का इशारा किया है कि आईपीएल के अगले सत्र में हुए खेलने के लिए मैदान में उतरेंगे। धोनी ने कहा कि वे खिलाड़ी के तौर पर अपने कॅरियर के आखिरी कुछ वर्षों का आनंद उठाना चाहते हैं। मैं इस खेल का उसी तरह आनंद उठाना चाहता हूं जिस तरह मैं बचपन में आनंद उठाया करता था। जब आप खेल को पेशेवर के तौर पर खेलते हैं तो कई बार खेल का लुत्फ उठाना मुश्किल हो जाता है। मेरे खेल में भावनाएं और प्रतिबद्धताएं जुड़ी रही होती हैं। मैं अगले कुछ समय तो खेल का पूरी तरह आनंद लेना चाहता हूं।

सीएसके ने भी कर दी धोनी के बारे में पुष्टि

चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन ने भी हाल में कहा था कि मुझे पूरी उम्मीद है कि आगामी सत्र के दौरान धोनी एक खिलाड़ी के रूप में हमारी टीम का हिस्सा होंगे। धोनी ने 2023 में अपने बाएं घुटने की सर्जरी कराई थी और 2024 के सत्र के दौरान उन्होंने निचले क्रम पर बल्लेबाजी की थी। धोनी के मुताबिक टी 20 विश्व कप से पहले युवा भारतीय खिलाड़ियों को मैदान पर अधिक समय बिताने का मौका देने के लिए यह फैसला किया गया था।

धोनी ने कहा कि मेरी सोच हमेशा से काफी सरल रही है। यदि खिलाड़ी अच्छा काम कर रहे हैं तो फिर मुझे ऊपर के क्रम में आकर बल्लेबाजी करने की जरूरत ही क्या है। पिछले सत्र के दौरान टी 20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा होने वाली थी। ऐसे में हमें उन खिलाड़ियों को ज्यादा मौका देना था जो भारतीय टीम में शामिल होने की दौड़ में थे। शिवम दुबे और रविंद्र जडेजा जैसे खिलाड़ियों को खुद को साबित करने के लिए मौके की जरूरत थी।

इन खिलाड़ियों को रिटेन करने की तैयारी

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में धोनी के अलावा ऋतुराज गायकवाड रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों में पहली पसंद हैं। टीम में मौजूद एक अन्य स्टार खिलाड़ी रविंद्र जडेजा भी रिटेन होने के लिए राजी हो गए हैं। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीसा पथिराना, शिवम दुबे और डेवोन कोन्वे को भी टीम में रिटेन किए जाने की तैयारी है।

Tags:    

Similar News