MI vs LSG IPL Match Highlights: लखनऊ सुपर जाइंट्स ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हराया

MI vs LSG IPL Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का 67वां मैच मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच मुंबई में शुक्रवार (17 मई 2024) को खेला गया

Update: 2024-05-17 19:02 GMT

MI vs LSG IPL Match Highlights (Photo. LSG/IPL)

MI vs LSG IPL Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का 67वां मैच मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच मुंबई में स्थित वानखेड़े स्टेडियम में शुक्रवार (17 मई 2024) को खेला गया। मुंबई इंडियंस की ओर से भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाई। जबकि लखनऊ सुपर जाइंट्स की ओर से कप्तानी का बोझ विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल के कंधों पर रहा। टॉस का सिक्का मुंबई इंडियंस के खेमे में गिरा। हालांकि, मैच में एलएसजी की टीम को 18 रनों से जीत प्राप्त हुई।

MI vs LSG मैच का हाल

आपको बताते चलें कि लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही भी साबित हुआ, क्योंकि लखनऊ सुपरजाइंट्स ने पहले ही ओवर में देवदत्त के रूप में पहला विकेट खो दिया। लेकिन इसके बाद केएल राहुल और मार्कस स्टोइनिस ने मिलकर एक अच्छी साझेदारी को अंजाम दिया और पावरप्ले की समाप्ति तक टीम के स्कोर को 49 रनों तक पहुंचा दिया। केएल राहुल ने मैच में 41 गेंद में 55 रन बनाए, तो वहीं मार्कस स्टोइनिस ने भी 22 गेंद में 28 रनों की पारी खेली।

इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होने के बाद निकोलस पूरन ने लखनऊ की हारी हुई पारी को जीत में बदल दिया। क्योंकि उन्होंने मात्र 29 गेंद में 258.62 के स्ट्राइक रेट के साथ ताबड़तोड़ 75 रन बनाए। वहीं आयुष बदोनी ने आखिरी समय में टीम के लिए 220 के स्ट्राइक रेट से 10 गेंद में नाबाद 22 रन बनाकर एलएसजी के स्कोर को 20 ओवर के बाद 6 विकेट के नुकसान पर 214 रनों तक पहुंचा दिया। मुंबई की ओर से नुवान तुषारा और पीयूष चावला ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए।

यहां से मुंबई इंडियंस की टीम को 215 रनों का टारगेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक ताबड़तोड़ शुरुआत दी और टीम के स्कोर को तेजी से ऊपर बढ़ाया। उन्होंने 178.2 के स्ट्राइक रेट के साथ बेहतरीन पारी खेल कर मुंबई को एक जबरदस्त मोमेंटम दिया। हालांकि रोहित शर्मा के आउट होने के बाद टीम की पारी को कोई भी प्लेयर संभाल नहीं सका।

रोहित के बाद सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और निहाल वडेरा, यह तमाम खिलाड़ी फ्लॉप साबित हुए। हालांकि आखिरी समय में नमन धीर ने नाम मात्र कोशिश अवश्य की, लेकिन वह भी मुंबई की हार को टाल नहीं सके। मैच में उन्होंने 28 गेंदों में लगभग 225 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 62 रन बनाए। मुंबई को आईपीएल 2014 के आखिरी मैच में भी हार नसीब हुई। वहीं एलएसजी इस मैच में 18 रनों से जीत दर्ज कर सीजन का यादगार अंत करने में सफल रही।

Tags:    

Similar News