गब्बर शिखर धवन ED के रडार पर, 1xBet सट्टेबाजी ऐप से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में होगी पूछताछ

शिखर धवन को 1xBet सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी द्वारा पूछताछ की जाएगी।

Update:2025-09-04 11:43 IST

पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रडार पर आ गए हैं। यह जांच एक अवैध सट्टेबाजी ऐप के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी हुई है। ईडी ने शिखर धवन को इस मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है। पहले भी इस मामले में कई क्रिकेटरों से पूछताछ हो चुकी है, जिनमें पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना का नाम शामिल है। सुरेश रैना से ईडी ने 8 घंटे तक पूछताछ की थी और उनका बयान लिया था।

1xBet ऐप से जुड़ी भूमिका पर पूछताछ

ईडी का कहना है कि वह 1xBet नामक अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है, और इस संदर्भ में शिखर धवन का बयान दर्ज किया जाएगा। खबरों के मुताबिक, शिखर धवन इस ऐप के प्रमोशन से जुड़े थे और कुछ विज्ञापनों के माध्यम से इससे जुड़े हुए थे। ईडी पूछताछ के दौरान यह जानने की कोशिश करेगी कि उनका ऐप से कितना संपर्क था और उनकी भूमिका क्या थी।

अवैध सट्टेबाजी ऐप्स पर कार्रवाई जारी

ईडी इस समय कई अवैध सट्टेबाजी ऐप्स के मामलों की जांच कर रही है, जिन पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और कर चोरी के आरोप हैं। हाल ही में केंद्र सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग पर एक कानून पास किया है, जिसके तहत अब असली पैसे वाले गेमिंग ऐप्स को प्रतिबंधित कर दिया गया है। इन ऐप्स के प्रमोशन और उपयोग पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है। ईडी ने इस मामले में गूगल और मेटा के प्रतिनिधियों से भी पूछताछ की थी, और अब शिखर धवन से भी उनके संबंधों, प्रमोशन से होने वाली कमाई और उनके संपर्क के तरीकों के बारे में जानकारी ली जाएगी।

Tags:    

Similar News