सैम पित्रोदा फिर बनाए गए इण्डियन ओवरसीज़ कांग्रेस के चेयरमैन, लोकसभा चुनाव में पार्टी ने लिया था एक्शन

Sam Pitroda : सैम पित्रोदा को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का चेयरमैन बनाया गया है। सैम पित्रोदा को लोकसभा चुनाव के समय विवादित बयानों की वजह से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन पद से हटा दिया गया था

Newstrack :  Network
Update:2024-06-26 20:27 IST

Sam Pitroda : कांग्रेस ने विवादित बयानों की झड़ी लगाने वाले सैम पित्रोदा को एक बार फिर से अहम जिम्मेदारी दी है। सैम पित्रोदा को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का चेयरमैन बनाया गया है। सैम पित्रोदा को लोकसभा चुनाव के समय विवादित बयानों की वजह से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन पद से हटा दिया गया था, लेकिन बुधवार को उन्हें दोबारा इसी पद पर नियुक्त किया गया है। सैम पित्रोदा को फिर से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पार्टी नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सचिव वीरेंद्र वशिष्ठ ने कहा कि सैम भारत में संचार क्रांति के जनक रहे हैं और बीजेपी ने चुनावी लाभ के लिए उनके बयानों को गलत तरीके से पेश किया। कांग्रेस नेतृत्व ने सैम पित्रोदा को एक बार फिर ओवरसीज कांग्रेस की कमान देने से प्रवासी भारतीय बहुत खुश होंगे, क्यूंकि सैम पित्रोदा सच्चे गांधीवादी हैं।

यह था पूरा मामला

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के समय सैम पित्रोदा का एक पॉडकास्ट सामने आया था। इसमें उन्होंने कहा था कि वह उस भारत में विश्वास रखते हैं जहां भाषा, धर्म, संस्कृति, रंग-रूप, रिवाज, खान-पान आदि की विविधता के बावजूद लोग 70-75 साल से कुछ छिटपुट झगड़ों को छोड़कर खुशनुमा माहौल में एक साथ रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एक साथ लेकर चल सकें, जहां पूरब के लोग चीनियों जैसे दिखते हैं तो पश्चिम के लोग अरब जैसे, उत्तर के लोग संभवतः गोरों जैसे तो दक्षिण के लोग अफ्रीकियों जैसे, लेकिन इन सबसे कोई फर्क नहीं पड़ता है।

पित्रोदा के बयान पर भड़के थे पीएम मोदी

कांग्रेस नेता के इस बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पीएम मोदी ने खुद उनकी आलोचना की और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि शहजादे के फिलॉस्फर और गाइड अंकल ने बड़ा रहस्य खोला है। उन्होंने कहा कि जिनकी चमड़ी का रंग काला होता है, वो सब अफ्रीका के हैं, मतलब देश के अनेक लोगों को चमड़ी के रंग के आधार पर उन्होंने इतनी बड़ी गाली दे दी।

नेता विपक्ष बने राहुल गांधी

बता दें कि बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को विपक्ष के नेता के रूप में मान्यता दे दी है। लोकसभा सचिवालय ने इसे लेकर लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह के हस्ताक्षर से 26 जून को एक अधिसूचना भी जारी कर दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर मंगलवार को हुई इंडिया गठबंधन की बैठक में राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनाने का फैसला किया गया था।

Tags:    

Similar News