भारतवासियों को सफाई संदेश देने आए 20 देशों से विदेशी, उठाया जलेबी का लुत्‍फ

Update: 2016-08-11 07:12 GMT

आगरा: यमुना की हालत सुधारने के लिए 1 अप्रैल 2015 से चल रहे रिवर कनेक्ट अभियान को गुरूवार को 20 देशों का समर्थन मिला। सऊदी अरब, आस्ट्रिया, रूस, चीन, ईराक, दुबई, काबुल जैसे देशों के लोग एतमाउददौला व्यू पाइंट पर आए और लोगों को शहर साफ़ रखने का संदेश भी दिया। इस दौरान विदेशी पर्यटक पहले तो काम में लगे रहे, पर जैसे ही भारत की राष्ट्रीय मिठाई जलेबी की खुशबू मिली, ये सब भूल कर जलेबी पर टूट पड़े।

रिवर कनेक्ट अभियान के तहत यमुना में रोज होती है आरती

यमुना किनारा पर एतमाउददौला स्मारक के व्यू पॉइंट पर रिवर कनेक्ट अभियान के तहत 1 अप्रैल 2015 से रोज यमुना प्रेमियों का जमावड़ा लगता है और नियम से यमुना की आरती होती है। बारिश में एतमाउददौला व्यू पॉइंट टूट गया था और अधिकारियों से कहने के बाद भी कोई फायदा न हुआ, तो इंडिया राइजिंग की टीम और यमुना भक्तों ने यहां श्रमदान किया।

आगरा में सफाई का बीड़ा उठाए इंडिया राइजिंग ग्रुप किसी के लिए नया नहीं है। यह दल अपने साथियों के साथ सप्ताह में कम से कम दो बार कहीं न कहीं जाकर उस स्थान की सफाई करता है और वहां पर पेंटिंग कर के उस जगह को खूबसूरत बना देता है।

सोशल मीडिया के जरिए किया आमंत्रित

इस अवसर पर इंडिया राइजिंग के डॉ आनन्द राय की कोशिश से फेसबुक और ट्विटर के जरिए जुड़े करीब बीस देशों के लोग आए और अभियान में साथ दिया। यह लोग भारत घूमने आए थे और यमुना की सेवा करने को इच्छुक थे।

अपनी भाषा में लिखा विदेशियों ने यमुना बचाओ का सन्देश

सभी देशों के पर्यटकों ने अपनी अपनी भाषा में यमुना बचाने और सफाई रखने के सन्देश पेंटिंग के साथ लिखे। काबुल की एलिना ने डू योर सिटी क्लीन,सऊदी की सजाला ने यूटर्न पॉल्युशन और सेव यमुना का सन्देश लिखा।

जलेबी के हुए दीवाने

इस सफाई और पेंटिंग के कार्य के बाद जब आगरा की प्रसिद्द जलेबियां आई, तो पर्यटक अपने आप को रोक नही सके और जलेबियों पर टूट पड़े। जब उन्हें यह पता चला की जलेबी मिठाई है तो सबने जलेबी की खूब तारीफ़ की और सभी ने दोबारा आने का वादा भी किया है।

जानिए कौन-कौन रहे मौजूद

इस दौरान रिवर कनेक्ट अभियान के मुख्य आयोजक जुगल श्रोत्रिया, इंडिया राइजिंग के आनन्द राय, सुषमा माथुर, साक्षी अग्रवाल, सुहानी अग्रवाल, आशीष जैन, नितिन जौहरी आदि मौजूद थे।

 

Tags:    

Similar News