Agra Nagar Nigam Ward No.3: आगरा नगर निगम जगदीशपुरा पश्चिम वार्ड के पार्षद महेश कुमार संवेदी, वार्ड को गंगाजल योजना से वंचित करना अन्याय

Agra Nagar Nigam Ward No.3 Parshad: पार्षद महेश कुमार बोले की विपक्ष में होने के कारण उनके प्रस्तावों पर सही से काम नहीं किया गया। इलाके में एक भी डामर रोड नहीं बनाई गई।

Report :  Rahul Singh
Update: 2022-10-19 08:23 GMT

Agra Nagar Nigam Ward No.3: पार्षद महेश कुमार संवेदी ने बताया कि जनप्रतिनिधियों ने उनके वार्ड क्षेत्र 3 की उपेक्षा की है। जनप्रतिनिधियों ने 5 साल में उनके वार्ड क्षेत्र में कोई काम नहीं कराया है। बसपा पार्षद महेश कुमार संवेदी ने जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताई है। कहा है कि गंगा जल योजना से उनके वार्ड को वंचित कर दिया गया है। इलाके में पेयजल की विकराल समस्या है। रिहायशी इलाकों में पार्षद महेश कुमार संवेदी ने करीब 5 करोड रुपये के विकास कार्य कराने का दावा किया है।

इस रिपोर्ट में आपको बताते हैं नगर निगम के वार्ड 3 जगदीशपुरा पश्चिम के बारे में। घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में 30,000 से ज्यादा की आबादी निवास करती है। वार्ड में करीब 11,000 वोटर हैं। बसपा के टिकट पर चुनाव जीतकर महेश कुमार संवेदी पहली बार पार्षद बने हैं। बातचीत के दौरान पार्षद महेश कुमार संवेदी ने अपनी उपलब्धियां गिनाई। बताया कि 5 साल में करीब 5 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाये गये हैं। 70 साल से किशोरपुरा, राम नगर, भीम नगर, बेर का नगला, विक्रम नगर, आनंद नगर इलाकों में सीवर लाइन नहीं डली थी।

अमृत योजना के तहत सीवर लाइन डालने का काम किया गया है। पार्षद महेश कुमार संवेदी ने बताया कि जगदीशपुरा सब्जी मंडी के पास माता भीमाबाई पार्क का सौंदर्यीकरण करवाया गया है। पार्क के सौंदर्यीकरण में 10 लाख का बजट खर्च हुआ है। पार्षद ने बताया कि कई रिहायशी स्थानों पर इंटरलॉकिंग और सीवर लाइन डलवाने का काम भी किया गया है।

बातचीत के दौरान झलका पार्षद का दर्द कहा कि विपक्ष में होने के कारण की गई अनदेखी, वार्ड से किया गया भेदभाव

बातचीत के दौरान विकास के सवाल पर पार्षद महेश कुमार भावुक हो गए। बोले की विपक्ष में होने के कारण उनके प्रस्तावों पर सही से काम नहीं किया गया। इलाके में एक भी डामर रोड नहीं बनाई गई। इलाके में एक भी सीसी रोड नहीं बनाई गई। पार्षद ने कहा कि सीवर लाइन डालने के दौरान जगदीशपुरा मुख्य मार्ग को खोद दिया गया था। मार्ग अब तक सही नहीं हो पाया है। मुख्य मार्ग में जगह-जगह गड्ढे हैं। आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। स्थानीय लोग चोटिल होते हैं। पार्षद महेश कुमार संवेदी ने यह भी कहा कि सीवर लाइन डालने का काम मानक के अनुसार नहीं हुआ है। इसकी जांच की जानी चाहिए। पार्षद ने कहा कि मलिन बस्तियों में सफाई व्यवस्था सही नहीं है। सफाई कर्मचारी अपनी मनमानी दिखाते हैं। ठीक से काम नहीं करते।

बसपा का पार्षद होने की वजह से सफाई कर्मचारी उनकी सुनवाई नहीं करते हैं। पार्षद ने कहा कि राजनीति में विकास कार्यों के प्रति भेदभाव किया गया है। विधायक और सांसदों ने अपनी निधि से वार्ड क्षेत्र में कोई काम नहीं करवाया है। पार्षद ने कहा कि कुछ इलाकों में सीवर लाइन भी नहीं डल पाई है। इलाके में पानी की पाइप लाइन न होने की वजह से कई परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

Tags:    

Similar News