Akhilesh Yadav News: बोले अखिलेश यादव, समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का हुआ था दिसम्बर 2016 में शिलान्यास
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा आखिर उन तस्वीरों को कैसे इतिहास के पन्नों से खारिज कर पाएगी जब समाजवादियों ने पूर्वांचल के आधुनिक भविष्य के मार्ग पर शिलान्यास किया था।;
अखिलेश यादव की तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)
Akhilesh Yadav News: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Former CM Akhilesh Yadav) ने आज पूर्वांचल एक्सप्रेस वे (Purvanchal Expressway) के लोकार्पण पर भाजपा सरकार को जवाब देते हुए कहा कि कितने आश्चर्य की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में गरीबों, बेकारी, महंगाई, कानून व्यवस्था के साथ शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में बदहाली के बारे में कोई चर्चा नहीं की। उन्होंने कहा कि हवाई इवेंट में जनता की कोई रुचि नहीं थी। भाजपा से आक्रोशित उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा के लिए जमीनी रास्ते बंद कर दिए हैं, अब विकल्प हवाई मार्ग ही शेष है। उन्होंने कहा कि भाजपा पांच वर्ष से सिर्फ माहौल ही बना रही है लेकिन प्रदेश की जनता सच्चाई जानती है, उस पर भाजपाई रंग और नाम बदलने की साजिशों का कोई असर नहीं होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा आखिर उन तस्वीरों को कैसे इतिहास के पन्नों से खारिज कर पाएगी जब समाजवादियों ने पूर्वांचल के आधुनिक भविष्य के मार्ग पर शिलान्यास किया था,। दिसम्बर 2016 में विधान भवन के सामने से समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास हुआ था तभी तत्कालीन समाजवादी सरकार ने बजट की घोषणा भी की थी। जमीन खरीद के लिए पैसा जारी किया था। जबकि इसके पहले ही समाजवादी सरकार ने प्रदेश में पहला एक्सप्रेस-वे आगरा-लखनऊ मात्र 22 महीनों में बना दिया था जहां सेना के वायुयान उतरे थे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कारवां की राह में रोड़े अटकाना, भाजपाई संकीर्ण सोच का प्रतीक है और भाजपाई हताशा का भी। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव के दिन नज़दीक आ रहे हैं, भाजपा के अंदर जनता के बढ़ते आक्रोश का डर फैलता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पराया माल हजम करने में भाजपा का कोई जवाब नहीं। अब तक एक भी अपना काम नहीं गिना पा रहे हैं। एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं किया। खुद कोई विकास कार्य करने के बजाय समाजवादी सरकार के जनकल्याणकारी अच्छे कामों को बर्बाद करने में ही भाजपा सरकार की सारी शक्ति लगी रही है। शायद भाजपा नेतृत्व की समझ है कि वे अपने झूठ-फरेब से फिर लोगों को बहकाने-भटकाने में सफल हो जाएंगे जबकि अब कोई उनके झांसे में नहीं आने वाला है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी का मानना है कि डबल स्पीड से तीन गुना प्रगति होती है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का साढ़े चार साल में आधा-अधूरा बने होने पर भी उद्घाटन का दिखावा किया गया है। इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण में गुणवत्ता से घातक समझौते किए गए हैं। रोड कांग्रेस के मानकों की उपेक्षा की गई फलस्वरूप इस पर चलने वाले यात्रियों की सुरक्षा पर भी खतरा रहेगी।
उन्होंने कहा कि नैतिकता का तकाजा था कि प्रधानमंत्री जी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गाथा सुनाते समय यह भी बता देते कि पूर्वांचल के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाले निर्माण की आधारशिला किसने रखी थी। सपा के काम पर भाजपा का नाम लगाने से वे जनता की निगाह में सुर्खियां नहीं बन पाएंगे। विकास कार्यों का श्रेय देने के बजाय आलोचना करना भाजपा के लिए शुभ नहीं कहा जा सकता।