UP Politics: डेंगू और बुखार से मरीजों की हो रही मौत....सरकार संवेदनहीन, बोले-अखिलेश यादव

UP Politics: उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव में लार्वा नष्ट करने के लिए छिड़काव की व्यवस्था पर अभी भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय अधिकारियों का ध्यान नहीं गया है।

Written By :  Anant kumar shukla
Update: 2023-09-18 14:31 GMT

Akhilesh Yadav targets BJP (Photo-Social Media)

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई है। भाजपा सरकार में अस्पतालों में भारी अराजकता फैली है। इलाज और दवा के बगैर मरीज इधर-उधर भटकते रहते हैं। जनता संकट में है, भाजपा सरकार संवेदनहीन है। जब राजधानी लखनऊ में रोज दर्जनों डेंगू और बुखार के मरीज मिल रहे हैं, तो अन्य जनपदों के हालात का अंदाजा ही लगाया जा सकता है।

बढ़ रही मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप

अखिलेश यादव ने कहा कि बरसात और जलभराव से मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। लगभग 3500 से ज्यादा डेंगू मरीज मिल चुके हैं। टाइफाइड बुखार के मरीज भी बढ़ रहे हैं। बच्चों को खांसी-बुखार, उल्टी दस्त आदि हो रहा है। अस्पतालों में इन सभी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों की मौतें हो रही है। अस्पतालों में इन बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए न तो डॉक्टर हैं और न ही जांच और दवाएं है।

नहीं हो रही साफ-सफाई-अखिलेश यादव

उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव में लार्वा नष्ट करने के लिए छिड़काव की व्यवस्था पर अभी भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय अधिकारियों का ध्यान नहीं गया है। नगर निगम और नगर पंचायतों की ओर से साफ-सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों की अकर्मण्यता साफ दिखाई दे रही है।

सीएम सिर्फ अफसरों को धमका रहे-अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी को जनता की तकलीफों से कोई लेना देना नहीं है। मुख्यमंत्री जी बयानबाजी करके जगह-जगह अफसरों को बस धमकाने का काम कर रहे हैं। स्वास्थ्यमंत्री दूसरे प्रदेशों में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। उत्तर प्रदेश की जनता त्रस्त है। भाजपा सरकार ने जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया है। जनता भी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को वैसे ही छोड़ देगी।

Tags:    

Similar News