Aligarh News: कृषि विविधीकरण और एफपीओ से बढ़ेगी किसानों की आय: डीएम अविनाश कुमार

Aligarh News: अलीगढ़ में किसान दिवस के दौरान डीएम अविनाश कुमार ने कृषि विविधीकरण और एफपीओ मॉडल को किसानों की आय बढ़ाने का प्रमुख माध्यम बताया।

Update:2026-05-20 16:40 IST

Aligarh News

Aligarh News: जनपद में किसानों की आय बढ़ाने, खेती को आधुनिक और लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को क्वार्सी कृषि फार्म सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि विविधीकरण, एफपीओ मॉडल और वैज्ञानिक खेती को भविष्य की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि जागरूक किसान ही आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था की मजबूत नींव बन सकते हैं।किसानों से संवाद करते हुए डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि परंपरागत खेती के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाना समय की मांग है।

उन्होंने गांवों के शिक्षित युवाओं को किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि व्यक्तिगत खेती की तुलना में एफपीओ मॉडल किसानों के लिए अधिक सुरक्षित और लाभकारी साबित हो सकता है। इससे किसानों को उत्पादन, विपणन और संसाधनों के बेहतर उपयोग का लाभ मिलेगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीएम अविनाश कुमार ने किसानों से फसल बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए बीमा बेहद जरूरी है। उन्होंने जानकारी दी कि रबी सीजन में किसानों को करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपये का बीमा क्लेम उपलब्ध कराया गया है।साथ ही किसानों से 24 जुलाई तक बैंकों में बीमा संबंधी सहमति पत्र जमा करने की अपील भी की।किसान बंधु फार्मर रजिस्ट्री अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराएं, ताकि भविष्य में योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूलेख में दर्ज किसान स्वयं भी अपनी फार्मर रजिस्ट्री तैयार कर सकते हैं।

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने खाद-बीज की दुकानों पर नियमित औचक निरीक्षण और छापेमारी के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि यदि कोई किसानों के हितों से खिलवाड़ करता पाया गया, तो उसके खिलाफ अनुमति लेकर तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।गेहूं खरीद और भुगतान की समीक्षा करते हुए, डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 58 प्रतिशत गेहूं खरीद पूरी हो चुकी है। 62 करोड़ 87 लाख रुपये के सापेक्ष 52 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किसानों को किया जा चुका है, और बाकी भुगतान भी जल्द कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के भुगतान के लिए धन की कोई कमी नहीं है।

किसान दिवस में किसानों ने गेहूं खरीद केंद्रों पर भुगतान में देरी, बोरों की कमी, बिजली आपूर्ति, सिंचाई व्यवस्था और दुग्ध संग्रह केंद्रों पर दूध के मूल्य स्पष्ट न लिखे जाने जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में कृषि, सिंचाई, विद्युत, मंडी, बैंक, मत्स्य और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने भी किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। किसान दिवस के दौरान डीएम अविनाश कुमार किसानों के बीच बेहद सहज और आत्मीय अंदाज में नजर आए, जिससे किसानों में संतोष और विश्वास का माहौल दिखाई दिया।

Tags:    

Similar News