Aligarh News: अलीगढ़ में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला, प्रेम संबंध से नाराज पिता ने बेटी की हत्या की
Aligarh News: अलीगढ़ ऑनर किलिंग, खैर थाना हत्या मामला, बेटी की हत्या, पिता गिरफ्तार, प्रेम संबंध हत्या, खेत में शव दफन, अलीगढ़ अपराध समाचार, ऑनर किलिंग उत्तर प्रदेश, पुलिस खुलासा अलीगढ़, जरारा गांव घटना
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: अलीगढ़ जनपद के खैर थाना क्षेत्र के गांव जरारा में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेटी के प्रेम संबंधों से नाराज पिता ने गुस्से में आकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खेत में दबा दिया।
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को पीआरवी को सूचना मिली थी कि ग्राम जरारा निवासी पूरन सिंह ने अपनी बेटी की हत्या कर शव को खेत में छिपा दिया है। सूचना मिलते ही थाना खैर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद खेत में दबे शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। पुलिस ने मामले में थाना खैर पर मुकदमा संख्या 323/26 धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत केस दर्ज करते हुए आरोपी पिता पूरन सिंह पुत्र रोशनलाल निवासी जरारा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बेटी गांव के ही अपनी बिरादरी के एक युवक से बातचीत करती थी, जिसे लेकर वह लंबे समय से नाराज था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर उसने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को खेत में दबा दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।