Aligarh News: बंद पड़ी साथा चीनी मिल में लगी आग, किसान नेताओं ने जताई साजिश की आशंका

Aligarh News: अलीगढ़ के जवां थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़ी साथा चीनी मिल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। किसान नेताओं ने घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Update:2026-05-20 16:13 IST

Aligarh News

Aligarh News: जनपद के जवां थाना क्षेत्र स्थित वर्षों से बंद पड़ी साथा चीनी मिल में अचानक आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने से मिल परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं, आग लगने के बाद किसान नेताओं ने पूरे मामले को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हुए साजिश की आशंका जताई है।

मिली जानकारी के अनुसार, लंबे समय से बंद पड़ी साथा चीनी मिल परिसर से अचानक धुआं उठता देखा गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।घटना के बाद किसान संगठनों ने मिल प्रबंधन और पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं। किसान नेताओं का कहना है कि बंद पड़ी साथा चीनी मिल में समय-समय पर संदिग्ध घटनाएं सामने आती रही हैं। उनका आरोप है कि कभी हजारों टन चीनी के नुकसान को लेकर अजीब दावे किए जाते हैं, तो कभी आग जैसी घटनाएं सामने आ जाती हैं, जिससे संदेह पैदा होना स्वाभाविक है।

किसान नेताओं ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सके। उनका कहना है कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं के पीछे कहीं कोई बड़ी अनियमितता या गड़बड़ी तो नहीं छिपाई जा रही है।फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और किसान संगठन लगातार पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News