Aligarh News: अलीगढ़ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, वेतन व स्थायीकरण मांगों पर शहर में कचरा संकट

Aligarh News: अलीगढ़ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में कचरा संकट बढ़ गया है। वेतन वृद्धि और स्थायीकरण की मांग को लेकर आंदोलन जारी है।

Update:2026-05-20 13:42 IST

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: जनपद में सफाई व्यवस्था को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। सफाई कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, स्थायीकरण और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। इगलास–मथुरा रोड स्थित A to Z प्लांट पर सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए कूड़ा उठाने वाले वाहनों को रोक दिया, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। हड़ताल के चलते कई इलाकों में कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वेतन वृद्धि और स्थायीकरण की मांग पर अड़े कर्मचारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उनकी विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कई बार ज्ञापन देने और बातचीत की कोशिशों के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। मजदूर सफाई संघ के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी ने बताया कि कर्मचारियों ने 16 सूत्रीय मांगों का प्रस्ताव रखा है, जिसमें प्रमुख रूप से न्यूनतम वेतन 21 हजार रुपये प्रतिमाह, स्थायीकरण, पीएफ, एनपीएस, चिकित्सा सुविधाएं तथा अन्य श्रमिक हितों से जुड़ी मांगें शामिल हैं। उनका आरोप है कि नगर निगम प्रशासन और अधिकारियों की ओर से लगातार उपेक्षा की जा रही है।

कूड़ा वाहनों को रोका, शहर में बढ़ा संकट

इगलास–मथुरा रोड स्थित A to Z प्लांट पर प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा उठाने वाले वाहनों को रोक दिया, जिससे शहर भर में कचरा उठान व्यवस्था ठप हो गई है। इसका सीधा असर अब शहर की सड़कों और मोहल्लों में दिखाई देने लगा है, जहां जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था ठप होने से बदबू और गंदगी बढ़ रही है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। यदि स्थिति जल्द नियंत्रित नहीं हुई तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने नगर आयुक्त पर भी ज्ञापन स्वीकार न करने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है, जिससे नगर निगम प्रशासन की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

प्रशासन और कर्मचारियों के बीच टकराव

फिलहाल सफाई कर्मचारियों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। मजदूर संघ नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी सभी मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता। अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन इस संकट को कैसे संभालता है और शहर को बढ़ते कचरा संकट से कब तक राहत मिल पाती है।

Tags:    

Similar News