Aligarh News: अलीगढ़ के नए मंडलायुक्त ने संभाला कार्यभार, लापरवाह अफसरों पर होगी सख्त कार्रवाई
Aligarh News: अलीगढ़ के नवागत मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य ने कार्यभार संभालते ही विकास कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
Aligarh News
Aligarh News: 25 अगस्त 2026 को अलीगढ़ मंडल को नया प्रशासनिक मुखिया मिल गया। नवागत मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य ने मंगलवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। चार्ज संभालते ही उन्होंने कमिश्नरी सभागार में मीडिया से रूबरू होकर अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने कहा कि विकास सिर्फ कागजों में नहीं, बल्कि जनता की चौखट तक पहुंचेगा और इसमें लापरवाही करने वाले अफसरों पर सख्त कार्रवाई तय है।
2010 बैच के आईएएस अधिकारी ओम प्रकाश आर्य उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद में करीब छह साल की लंबी पारी खेलने के बाद अलीगढ़ पहुंचे हैं। प्रशासनिक अनुभव की बात करें तो उनका अनुभव काफी व्यापक है। वह दो जिलों में जिलाधिकारी और दो जिलों में मुख्य विकास अधिकारी के तौर पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा लखनऊ, मेरठ, नोएडा और मथुरा जैसे अहम जिलों में भी विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में परास्नातक किया है।
अलीगढ़ मंडलायुक्त ने कहा कि प्रशासन का असली मकसद योजनाओं को फाइलों तक सीमित रखना नहीं है। उनका लक्ष्य है कि सरकार की हर जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए उन्होंने अपना रोडमैप भी बताया।उन्होंने कहा कि मंडल के सभी विकास कार्य पूरी पारदर्शिता और तय मानकों के अनुसार होंगे। इसमें किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय को बेहतर बनाकर टीम भावना के साथ परियोजनाओं को समय पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा, "विकास एक सतत प्रक्रिया है। यह किसी एक अधिकारी के प्रयास से नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास से ही संभव है। सभी अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मानकर संवेदनशीलता से काम करना होगा।"
लापरवाहों को पहले चेतावनी, फिर कठोर कार्रवाई
सख्त लहजे में मंडलायुक्त ने चेतावनी भी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि काम में लापरवाही और अनावश्यक देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। पहले लापरवाह अधिकारियों को सुधरने का मौका और चेतावनी दी जाएगी, लेकिन इसके बाद भी रवैया नहीं बदला तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने से वह पीछे नहीं हटेंगे।
जलभराव से लेकर क्वार्सी रजवाहे तक पर फोकस
पत्रकारों से बातचीत में अलीगढ़ के ज्वलंत मुद्दे भी उठे। शहर में पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं, जलभराव की पुरानी समस्या, यातायात व्यवस्था, राजस्व परिषद के आदेशों का तहसील स्तर पर अनुपालन और बड़ी परियोजनाओं की गुणवत्ता जैसे सवालों पर उन्होंने खुलकर चर्चा की।उन्होंने विशेष रूप से क्वार्सी रजवाहे को अतिक्रमण मुक्त कराने और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब करने तथा जल्द ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।