Aligarh News: क्लासरूम पहुंचे एसएसपी नीरज कुमार जादौन, NCC कैडेट्स को सफलता का मंत्र देकर हुए गदगद
Aligarh News: अलीगढ़ में एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने क्लासरूम पहुंचकर NCC कैडेट्स से संवाद किया और उन्हें सफलता का मंत्र दिया।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: हरदुआगंज के अग्रसेन इंटर कॉलेज में सोमवार को पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन और देशभक्ति का संगम देखने को मिला। मौका था कॉलेज में आयोजित विशेष कार्यक्रम का, जहां जिले के सबसे बड़े पुलिस अफसर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। आज दिनांक 25.08.2026 को अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन अग्रसेन इंटर कॉलेज, हरदुआगंज पहुंचे तो पूरे कैंपस में उत्साह की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स के जोरदार स्वागत से हुई। वर्दी में सजे कैडेट्स ने एसएसपी को सलामी देकर अनुशासित अंदाज में स्वागत किया। कैडेट्स के इस जोश और अनुशासन को देखकर एसएसपी नीरज कुमार जादौन काफी प्रभावित हुए। उन्होंने मंच से ही कैडेट्स की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी सिर्फ एक यूनिफॉर्म नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित बनाने की पहली पाठशाला है।
इसके बाद एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन और कड़ी मेहनत ही वो दो हथियार हैं। जो आपको किसी भी लक्ष्य तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज की मेहनत ही कल का भविष्य तय करेगी, इसलिए समय रहते अपने लक्ष्य को निर्धारित कर उस पर निरंतर काम करना जरूरी है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का संदेश भी दिया। महोदय ने कहा कि सिर्फ अच्छी नौकरी पाना ही सफलता नहीं है, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना और समाज व देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझना भी उतना ही जरूरी है। सोशल मीडिया के इस दौर में अफवाहों से बचने और कानून का सम्मान करने की भी उन्होंने अपील की।
कार्यक्रम का सबसे दिलचस्प हिस्सा रहा सवाल-जवाब सत्र। छात्रों ने खुलकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। किसी ने आईपीएस बनने की तैयारी के बारे में पूछा तो किसी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का टिप्स मांगा। एसएसपी महोदय ने सभी सवालों को बड़े ही धैर्य के साथ सुना और एक-एक कर जवाब दिया। उन्होंने कैरियर निर्माण, शिक्षा और खासकर यूपीएससी, यूपी पुलिस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर पढ़ाई, आत्मविश्वास और असफलता से न घबराने की आदत ही आपको भीड़ से अलग बनाती है।
इस अवसर पर अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, समस्त सम्मानित शिक्षकगण, एनसीसी अधिकारी, बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन ने एसएसपी महोदय का आभार व्यक्त किया और छात्रों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उन्हें विदा किया।