Aligarh News: किसान बनकर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, 1.55 लाख का माल बरामद
Aligarh News: खैर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बिजली का सामान बरामद हुआ।
किसान बनकर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, 1.55 लाख का माल बरामद (Photo- Newstrack)
Aligarh News: एसएसपी नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में अलीगढ़ एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने खैर सीओ अभिषेक पटेल और थाना खैर पुलिस के साथ मिलकर इलाके में ट्यूबवेल और दुकानों से हो रही लगातार चोरियों का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सहित पति-पत्नी और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर 3 थानों की चोरी का पर्दाफाश किया है। आरोपियों से चोरी का माल और घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद की गई है। बरामद सामान की कीमत करीब 1.55 लाख रुपये आंकी गई है।
अलीगढ़ एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि 30 जुलाई, 9 अगस्त और 11-12 अगस्त 2026 की रात ग्राम पला चाँद में अलग-अलग स्थानों से ट्यूबवेल की मोटर, बिजली का सामान और दुकान का सामान चोरी हुआ था। इन घटनाओं के संबंध में थाना खैर में मु0अ0सं0 598/26 धारा 305ए/331(4)/317(2), मु0अ0सं0 582/26 धारा 305/317(2) और मु0अ0सं0 577/26 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस दर्ज थे।
घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी नीरज कुमार जादौन के आदेश पर सीओ खैर अभिषेक पटेल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। उ0नि0 रविन्द्र सिंह, उ0नि0 राजीव कुमार, उ0नि0 प्रशान्त कुमार, कां0 सागर सरोहा, कां0 लवी वाल्यान और कां0 रजत चौधरी की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 50-60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की चैन से पुलिस गिरोह तक पहुंची।
16 अगस्त को थाना क्षेत्र खैर से पुलिस ने 1. मुन्नालाल उर्फ मुन्ना शर्मा पुत्र गिर्राज प्रसाद निवासी वनिया खेडा थाना गोण्डा हाल निवासी मोहल्ला पथवारी खैर, 2. अश्वनी पुत्र रामेश्वर निवासी पथवारी खैर, 3. राधा देवी पत्नी मुन्नाल निवासी पथवारी खैर को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके कब्जे से 05 छत के पंखे, 09 तार के बंडल, 09 कूलर मोटर पंप, 02 इन्वर्टर, स्विच, होल्डर, एमसीबी, कंडेंसर सहित भारी मात्रा में बिजली का सामान और 04 खुर्द-बुर्द मोटर बॉडी बरामद हुई। घटना में प्रयुक्त स्वराज ट्रैक्टर नंबर UP81CE8234 मय ट्रॉली भी कब्जे में ली गई, जो मुन्नालाल ने अपनी पत्नी राधा के नाम पर ले रखी थी।
किसान बनकर देते थे वारदात को अंजाम
अलीगढ़ एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि पूछताछ में मुन्नालाल ने बताया कि वह पत्नी राधा और साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा, फावड़ा और कृषि सामान रखकर किसान बनकर खेतों में जाता था। एकांत में स्थित ट्यूबवेल और दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करता था ताकि किसी को शक न हो। बरामदगी के आधार पर तीनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
आपराधिक इतिहास
मुन्नालाल थाना गोण्डा का हिस्ट्रीशीटर HS-119A है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और चोरी के 19 मुकदमे दिल्ली, मथुरा और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। अश्वनी और राधा देवी के खिलाफ भी खैर थाने में तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं।
अलीगढ़ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पूरी टीम को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।