Aligarh News: धान के खेत में खूनी हमला, फावड़े से सिर फोड़ा, पिसावा पुलिस ने तीन भाई पकड़े
Aligarh News: अलीगढ़ के पिसावा में धान के खेत में विवाद के दौरान युवक पर फावड़े से हमला कर सिर फोड़ने का आरोप है। पुलिस ने तीन भाइयों को गिरफ्तार किया।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: पिसावा थाना पुलिस ने खेत में मारपीट कर जानलेवा हमला करने के मामले में 3 सगे भाइयों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 1 फावड़ा और 2 लोहे की सरिया भी बरामद की हैं। पिसावा पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2026 को थाना पिसावा क्षेत्र के ग्राम बझेड़ा में खेत पर काम कर रहे एक किसान, उसके पुत्र और मजदूरों से गाली-गलौज के बाद लाठी-सरिया से मारपीट की गई थी। आरोप है। कि हमलावरों ने जान से मारने की नियत से वादी के पुत्र के सिर पर फावड़े से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना पिसावा में मु0अ0सं0 122/2026 धारा 109(1)/115(2)/117(2)/351(3)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। उ0नि0 नितिन चौधरी, उ0नि0 विकास चौहान और कांस्टेबल आर्यन की टीम ने 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र पिसावा से ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 1. लवकुश पुत्र धर्म सिंह, 2. गुलवीर सिंह पुत्र धर्म सिंह, 3. विपिन कुमार पुत्र धर्म सिंह निवासी ग्राम बझेड़ा थाना पिसावा जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक फावड़ा और दो लोहे की रॉड बरामद हुईं।
पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे के अलावा अन्य आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई में उ0नि0 नितिन चौधरी, उ0नि0 विकास चौहान और कां0 आर्यन की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है। कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गांव में इस गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।