Aligarh News: रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतले होगें खास,नाभि से बहेगी खून की धार

Aligarh News: दशहरा पर्व अलीगढ़ में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। परंपरा के अनुसार दशहरे पर राम का रावण से युद्ध होने के बाद कुंभकरण और मेघनाथ का वध किया जाता है। इसके बाद पुतलों का दहन किया जाता है।

Update:2024-10-11 13:07 IST

Aligarh News (Pic-Newstrack)

Aligarh News: अलीगढ़ के रामलीला महोत्सव में रावण का पुतला बनाने आए जिला बुलंदशहर के गांव दानपुर निवासी अशफाक खान ने बताया कि इस बार शहर के अचलताल स्थित रामलीला मैदान में हो रही रामलीला में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले खास होंगे। नुमाइश मैदान में होने वाले दशहरा मेले में रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। जैसे ही भगवान श्रीराम का बाण रावण को लगेगा तो रावण की नाभि से रक्त की धारा बह निकलेगी।

दशहरा पर्व अलीगढ़ में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। परंपरा के अनुसार दशहरे पर राम का रावण से युद्ध होने के बाद कुंभकरण और मेघनाथ का वध किया जाता है। इसके बाद पुतलों का दहन किया जाता है। इस बार तीनों पुतले उठाने के साथ ही उनकी गर्दन भी चारों दिशाओं में घुमाएंगे। उनकी दहाड़ से पूरा मैदान गूंज उठेगा। इतना ही नहीं तीनों पुतलों की टीम घूमती भी नजर आएगी। यह दृश्य देख दर्शक रोमांचित हो उठेंगे। इन पुतलों को तैयार करने में करीब 6.30 लाख रुपये की लागत आएगी।

बुलंदशहर के दानपुर के मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखने वाले अशफाक ठेकेदार अपने परिवार के 12 सदस्यों के साथ पिछले एक महीने से रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले तैयार करने में जुटे हैं। अशफाक ने बताया कि उनके परिवार की तीन पीढ़ियां रावण के पुतले बनाती आ रही हैं। वह 10 साल की उम्र से अब्बा गफूर के साथ पुतले बनाते आ रहे हैं। अलीगढ़ में वह आठवीं बार पुतले तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा वह नागपुर, मुंबई, गुजरात और दिल्ली में भी रावण के पुतले तैयार कर चुके हैं।

अशफाक ने बताया कि इस बार महंगाई काफी बढ़ गई है। इससे खर्चा बढ़ रहा है। इन पुतलों के अलावा उन्हें सोने की लंका तैयार करने का भी ठेका मिला है। आतिशबाजी भी होगी। उन्होंने बताया कि रावण का पुतला 65 फीट, कुंभकरण 55 फीट का है। मेघनाथ का पुतला 50 फीट का होगा। इस बार इन पुतलों की खासियत यह है कि जब राम और लक्ष्मण का वध होगा तो रावण जोर-जोर से हंसेगा। और उसकी गर्दन भी इधर-उधर घूमेगी!

Tags:    

Similar News