Auraiya News: रक्षाबंधन पर सरकार ने फ्री की बस सेवा, महिलाओं ने उठाया फायदा
Auraiya News: रक्षाबंधन 2025 पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की सुविधा दी है। यह योजना 8 से 10 अगस्त तक लागू रहेगी, जिससे महिलाएं अपने भाइयों से आसानी से मिल सकेंगी।
Auraiya News
Auraiya News: उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेश की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की विशेष सुविधा शुरू की है। यह सुविधा 8 अगस्त सुबह 6 बजे से लेकर 10 अगस्त रात 12 बजे तक पूरे राज्य में लागू रहेगी। इस योजना के अंतर्गत महिलाएं प्रदेश के भीतर चलने वाली उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की सामान्य, जनरथ समेत अन्य श्रेणियों की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने फ्री बस सेवा को लेकर दी जानकारी
औरैया रोडवेज की क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) अपर्णा मीनाक्षी ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह सुविधा उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर महिलाओं को रक्षाबंधन पर अपने भाइयों से मिलने की सहूलियत देने के लिए दी गई है। यात्रा के दौरान महिलाओं को आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे किसी वैध पहचान पत्र को दिखाना अनिवार्य होगा।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को सरकार दे रही फायदा
महिलाओं की सहूलियत को देखते हुए रोडवेज द्वारा अतिरिक्त बसें भी चलाई जा रही हैं, ताकि किसी भी बहन को अपने भाई से मिलने में असुविधा न हो। सभी डिपो प्रभारियों और चालकों-परिचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे महिलाओं को सम्मानपूर्वक यात्रा करवाएं और बस स्टेशनों पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें।
महिलाओं में दिखी खुशी
प्रदेश भर में महिलाएं भारी संख्या में इस सुविधा का लाभ उठा रही हैं। बस स्टेशनों पर रोडवेज अधिकारी महिलाओं का फूल देकर स्वागत कर रहे हैं और उनकी यात्रा को सुखद बनाने के लिए पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।सरकार की इस पहल को महिलाओं ने सराहा है और कहा कि यह रक्षाबंधन को और खास बना रहा है। यह कदम न केवल महिलाओं को सम्मान देने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है।