BJP Uttar Pradesh Manifesto : 'आधी आबादी' के लिए BJP के कई लोक लुभावने वादे, मुफ्त स्कूटी से लेकर फ्री में यात्रा तक, जानें और क्या?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज, मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना मेनिफेस्टो जारी किया। बीजेपी ने इसे लोक कल्याण संकल्प पत्र का नाम दिया है। इस संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए कई लोक लुभावन वादे किए गए हैं।

Written By :  aman
Update: 2022-02-08 10:13 GMT

bjp uttar pradesh manifesto

BJP Uttar Pradesh Manifesto: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज, मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना मेनिफेस्टो जारी किया। बीजेपी ने इसे लोक कल्याण संकल्प पत्र का नाम दिया है। इस संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए कई लोक लुभावन वादे किए गए हैं। जिनमें युवा, छात्र, विधवा, निराश्रित महिला सभी के लिए कुछ न कुछ है। इस बार तो बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में स्कूटी तक देने की बात की है। साथ ही महिलाओं के मुफ्त सफर और मुफ्त सिलेंडर तथा पेंशन आदि का भी उल्लेख किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी ने अपने इस संकल्प पत्र में महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया है। वहीं, इस संकल्प पत्र में किसानों, कारोबारियों, छात्रों युवाओं के लिए भी बहुत कुछ कहा गया है, लेकिन अभी बात 'आधी आबादी' की। बात उन वादों की जो महिलाओं को विशेष तौर पर ध्यान में रखकर किया गया है।


बीजेपी के मेनिफेस्टो में महिलाओं के किए गए प्रमुख वादे कुछ इस प्रकार हैं :

-आज सीएम ने अपने संबोधन में सबसे पहले बात की तो वो थी मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की। जिसके अंतर्गत वित्तीय सहायता को 15,000 रुपए से बढ़ाकर 25,000 रुपए करने का वादा किया गया है।

-बीजेपी ने हर विधवा और निराश्रित महिला को 1500 रुपए प्रतिमाह का पेंशन देने का वादा किया।

-कॉलेज जाने वाली मेधावी छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के मकसद से 'रानी लक्ष्मी बाई' योजना के तहत मुफ्त स्कूटी दी जाएगी।

-इसके साथ ही 'मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान योजना' के अंतर्गत गरीब परिवार की बेटियों के विवाह के लिए 1 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

-वादों में एक, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था होगी।

-प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के सभी लाभार्थियों को होली तथा दिवाली के मौके पर यानी दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे।

-संकल्प पत्र में बीजेपी ने प्रदेश में सरकार बनने पर 1,000 करोड़ रुपए की लागत के साथ मिशन 'पिंक टॉयलेट' शुरू करने की बात कही है।


-'पिंक टॉयलेट' के तहत सभी सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के लिए शौचालय निर्माण एवं रखरखाव सुनिश्चित होगा।

-बीजेपी ने अपनी सरकार में तीन नई महिला बटालियन के नेटवर्क का विस्तार कर उसे दोगुना करते हुए महिलाओं की सुरक्षा और सुदृढ़ करने का संकल्प लिया है।

-साथ ही, सभी सार्वजनिक स्थानों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगवाएं जाएंगे।

-साथही , 3,000 पिंक पुलिस बूथ भी बनाए जाएंगे।

-बीजेपी 5,000 करोड़ रुपए की लागत के साथ 'अवंति बाई लोधी' स्वयं सहायता समूह मिशन शुरू करने की बात की है। इसके तहत 5 लाख नए महिला स्वयं सहायता समूह बनाए जाएंगे।

-स्वयं सहायता समूहों में काम करने वाली करीब एक करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर एसएचजी क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 1 लाख रुपए तक ऋण न्यूनतम ब्याज दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे।


-इसके अलावा, संघ लोक सेवा आयोग यानी UPPSC सहित सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं की संख्या दोगुनी की जाएगी।

-सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य सखियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा मिशन मोड पर प्रदान किया जाएगा।

-500 करोड़ रुपए की लागत से 'स्टेट टैलेंट सर्च एंड डेवलपमेंट' योजना शुरू की जाएगी। इसके अंतर्गत चुनी गई महिला एथलीट को 5 लाख रुपए तक की वित्तीय मदद प्रदान करने का प्रावधान होगा।

भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र के जरिए उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए कई तरह के वादे किये हैं। हालांकि, पिछली सरकार में भी बीजेपी ने कई वादे किए थे जिनमें उज्ज्वला योजना उसकी महत्वाकांक्षी योजना थी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को उसका फायदा भी मिल चुका है। अब नजर रहेगी कि अभी पार्टी ने जो वादे किए हैं उस पर प्रदेश की आधी आबादी कितना भरोसा करती है।





Tags:    

Similar News