UP Election 2022 : चुनावी मौसम में CM योगी का बड़ा बयान-'...फिर मथुरा-वृन्दावन कैसे छूट जाएगा', राम मंदिर का दिया उदाहरण

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, 'जब अयोध्या में श्री राम का मंदिर बन रहा है और काशी में भगवान विश्वनाथ के मंदिर का निर्माण हो रहा है, तो मथुरा-वृंदावन कैसे छूट जाएगा।

Written By :  aman
Update: 2022-02-02 06:09 GMT

yogi adityanath mathura mandir

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव ( UP Election 2022) में महज अब थोड़े दिन ही शेष हैं। ऐसे में सभी पार्टियों का जोर मतदाताओं को रिझाने, मनाने और अपने पक्ष में करने का है। इसी क्रम में आज, बुधवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, 'जब अयोध्या में श्री राम का मंदिर बन रहा है और काशी में भगवान विश्वनाथ के मंदिर का निर्माण हो रहा है, तो मथुरा-वृंदावन कैसे छूट जाएगा।' बता दें कि यूपी के सीएम आज मथुरा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वो वहां जनसभा और जनसंपर्क करने वाले हैं। लेकिन उससे पहले आज ये बड़ा बयान दिया है।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट में लिखा, 'भारत की अस्मिता और सनातन आस्था के मान बिन्दुओं के सम्मान व अपने अतीत की गौरवशाली परम्परा की पुनर्स्थापना भाजपा का ध्येय है। अयोध्या में प्रभु श्री राम का मंदिर और काशी में भगवान विश्वनाथ का भव्य धाम बन रहा है। फिर मथुरा-वृन्दावन कैसे छूट जाएगा!'

वहीं, एक अन्य ट्वीट में मुख्यमंत्री लिखते हैं, 'प्रदेश में नागरिक सुविधाओं में बढ़ोत्तरी के लिए भाजपा सरकार ने निरंतर प्रयास किए हैं। आज छाता-बरसाना मार्ग पर 4-लेन रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण होने से यहां के निवासियों का आवागमन आसान हुआ है और जाम की समस्या से मुक्ति मिली है।' 

आज सीएम योगी ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए। एक अन्य ट्वीट में योगी आदित्यनाथ लिखते हैं, 'लीलाधर भगवान श्रीकृष्ण की चरण रज से पावन ब्रजमंडल में आज मुझे पुनः आने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। ''परित्राणाय साधूनां, विनाशाय च दुष्कृताम्'' का संदेश देती यह पावन धरा हर युग में आततायी, अराजक 'कंस' के पराजय का उद्घोष करती रही है। जय श्रीकृष्ण!'

अपनी मथुरा यात्रा से पहले सीएम योगी लिखते हैं, 'असंख्य श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र ब्रज धाम के धार्मिक स्थलों, प्राचीन धरोहरों व संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन के लिए ही भाजपा सरकार ने 'उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद' का गठन किया है। ब्रजमंडल के चिर-पुरातन गौरव का पुनर्स्थापन हमारा ध्येय है। बाँके बिहारी लाल की जय!'


Tags:    

Similar News