up election 2022 : योगी सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह पर जानलेवा हमले की कोशिश, जहर और ब्लेड के साथ आरोपी पकड़ा गया

उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह पर जानलेवा हमले की कोशिश हुई है। बताया जा रहा है सिद्धार्थ नाथ सिंह जब नामांकन दाखिल करने जा रहे थे, तब उन पर हमले की कोशिश हुई।

Update: 2022-02-03 07:20 GMT

cabinet minister sidharth nath singh

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह पर जानलेवा हमले की कोशिश हुई है। बताया जा रहा है सिद्धार्थ नाथ सिंह जब नामांकन दाखिल करने जा रहे थे, तब उन पर हमले की कोशिश हुई। हमला करने वाले आरोपी के पास से जहर और ब्लेड मिलने की बात सामने आई है। 

बताया जा रहा है कि नामांकन करने जाते समय उन पर एक व्यक्ति ने ब्लेड से हमले की कोशिश की। हालांकि, मंत्री बाल-बाल बच गए। आरोपी को मंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। फिलहाल आरोपी युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है।

धूमनगंज इलाके की घटना

जानकारी के अनुसार, यूपी सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह मुंडेरा स्थित चुनाव कार्यालय पहुंचे थे। जिसके बाद उन्हें अपना नामांकन दाखिल करने जाना था। इसी बीच धूमनगंज इलाके में एक युवक उनके पास आया। उसने ब्लेड से उन पर हमला करने की कोशिश की। लेकिन, तभी उनके साथ मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उसे रोक हमले को नाकाम कर दिया। कार्यकर्ताओं ने उसकी जमकर पिटाई भी की और पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल ये पता नहीं चल पाया है कि आरोपी युवक ने ऐसा क्यों किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजेपी नेता पर हमले की कोशिश उस वक्त हुई जब सिद्धार्थ नाथ सिंह (Sidharth Nath Singh) नामांकन दाखिल करने के लिए जा रहे थे। ज्ञात हो, कि यूपी विधानसभा चुनाव में सिद्धार्थ नाथ सिंह को इलाहाबाद पश्चिम सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है। बता दें, कि सिद्धार्थनाथ सिंह पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नाती हैं। बीजेपी संगठन में उन्होंने कार्यकर्ता से यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री तक का सफर तय किया है। 

उल्लेखनीय है, कि उत्तर प्रदेश में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं। यहां सात चरणों में मतदान होने वाला है। इन चरणों के तहत आगामी 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च मार्च और 7 मार्च 2022 को मतदान होंगे। नतीजे 10 मार्च 2022 को आएंगे। 

Tags:    

Similar News