Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या पहुंचे कांग्रेसियों का राम मंदिर में एंट्री पर विरोध, लोगों ने की धक्का-मुक्की, पार्टी का झंडा भी छीना

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कुछ लोगों के साथ झड़प में कांग्रेस का झंडा छीन लिया गया। इससे पहले मकर संक्रांति के मौके पर कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रमुख नेताओं ने अयोध्या में राम लला के द्वार पहुंची। कांग्रेस के नेताओं ने सरयू में स्नान भी किया।

Update: 2024-01-15 14:50 GMT

अयोध्या पहुंचे कांग्रेसियों का राम मंदिर में एंट्री पर विरोध, लोगों ने की धक्का-मुक्की, पार्टी का झंडा भी छीना: Photo- Social Media

Ayodhya Ram Mandir: 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां जहां जोरों पर हैं तो वहीं इसे लेकर रामभक्तों के बीच देश और दुनिया में भारी उत्साह भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में अब राम नगरी में भीड़ उमड़ने लगी है। इस बीच सोमवार को जब कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता राम मंदिर में प्रवेश करने लगे तो उनकी कुछ लोगों से झड़प हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुई इस झड़प में कांग्रेस का झंडा छीन लिया गया। कहा जा रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के समय ये हंगामा हुआ। कांग्रेस का झंडा लहराने को लेकर ये पूरा विवाद हुआ।

आरोप है कि राम मंदिर के प्रवेश द्वार पर ही कांग्रेस कार्यकर्ता झंडा फहराने की कोशिश कर रहे थे, जिसका वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध किया। इस पूरे मामले को लेकर जमकर बवाल हुआ। बता दें कि इससे पहले मकर संक्रांति के मौके पर कांग्रेस उत्तर प्रदेश इकाई के प्रमुख नेता अयोध्या में राम लला के द्वार पहुंचे। इन नेताओं ने सरयू में स्नान भी किया और जय श्रीराम के नारे भी लगाए।

'कांग्रेस हाईकमान ने ठुकरा दिया था न्योता'

बता दें कि बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन ने 22 जनवरी को प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण ठुकरा दिया था। कांग्रेस नेतृत्व ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह को बीजेपी का इवेंट बताया था और इसे ‘राजनीतिक प्रोजेक्ट‘ करार दिया था। कांग्रेस का कहना था कि एक निजी मसला है। वहीं एक बयान जारी कर पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बीजेपी और आरएसएस के नेताओं द्वारा ‘अधूरे‘ मंदिर के उद्घाटन के पीछे के मकसद पर सवाल उठाए थे।

22 जनवरी को होनी है प्राण-प्रतिष्ठा

अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को रामलला की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा होनी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य यजमान के रूप में शामिल होंगे। ऐसे में केंद्र से लेकर राज्य सरकार के अधिकारी समारोह के कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारियों ने काफी सधे अंदाज में अतिथियों की लिस्ट तैयार की है।

प्राण प्रतिष्ठा का समय 12 बज के 20 मिनट पर-

मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का समय 12.20 बजे तय किया गया है। यानी 12 बजकर 20 मिनट पर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत होगी। कर्मकांड की सभी विधि वाराणसी के लक्ष्मीकांत दीक्षित के द्वारा संपन्न कराई जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा की विधि 16 जनवरी से शुरू हो जाएगी और पूजन विधि 21 जनवरी तक चलेगी। चंपत राय ने बताया कि रामलला को 18 जनवरी को गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा। मूर्ति का वजन 120 से 200 किलो तक होंगी। खड़ी प्रतिमा 5 वर्ष के बालक का स्वरुप की होगी।

Tags:    

Similar News