UP Politics News: आजम खान की रिहाई के बाद अखिलेश का राम मंदिर दर्शन? यूपी चुनाव 2027 की सियासत
Azam Khan Latest News: आजम खान की जेल से रिहाई के बाद क्या अखिलेश यादव का राम मंदिर दर्शन कार्यक्रम प्रभावित होगा? यूपी चुनाव 2027 से पहले भाजपा, सपा, ओवैसी और हिंदुत्व की राजनीति का विश्लेषण।
Azam Khan Latest News | Akhilesh Yadav Ram Mandir Politics in UP Election 2027 | Newstrack Hindi
UP Politics News: इंसानी फितरत की तरह सियासत भी बदलती है। कभी अयोध्या में विवादित बाबरी मस्जिद की फिक्र करने वाली सपा अब राममंदिर के चढ़ावे के लिए फिक्रमंद और प्रभु राम के प्रति आस्थावान हो गई है।
राम जन्मभूमि की सियासत के रास्ते फर्श से अर्श पहुंची भाजपा ने भी रूट बदल दिया है। अयोध्या में श्री राम को छोड़ अब मथुरा में राधे-राधे कर कृष्ण कन्हैया से कमल खिलाने की विनती की जा रही। भाजपा के हार्ड कोर हिन्दुत्व का मुकाबला करने के लिए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सॉफ्ट हिन्दुत्व का रास्ता इख्तियार कर अयोध्या राम मंदिर दर्शन का इरादा किया। यूपी की इस ताजा सियासी कहानी में एकाएक एक नया मोड़ आ गया। भाजपा-सपा दोनों तरफ बुलंद हिन्दुत्व की बेला में नई एंट्री हुई, सपा के पुराने चर्चित किरदार की। जेल से रिहा हुए आजम खान के सामने अब क्या अखिलेश यादव राम मंदिर दर्शन करने जाएंगे,या उन्हें अपना इरादा बदलना पड़ेगा ?
2027 के विधानसभा चुनावी की पिक्चर में हिन्दुत्व और सॉफ्ट हिन्दुत्व की दिल्लगी ठीक से शुरू भी नहीं हुई थी कि इंटरवल से पहले ही विलेन की एंट्री हो गई।
राम-राम और राधे-राधे के बीच जेल से जमानत पर छूटे आजम खान के आने के बाद अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन का इंतेजार अब और भी बढ़ गया है ?
जिज्ञासा ने सियासी पिक्चर का सस्पेंस बढ़ा दिया है। सॉफ्ट हिन्दुत्व के रास्ते चलते अखिलेश के लिए आजम की रिहाई असहज करने वाली जरूर है पर जिस तरह चंद्रशेखर और असद्दुदीन ओवैसी का तीसरा मोर्चा सपा के मुस्लिम वोट कतरने का खतरा बना है इसे रोकने के लिए आजम सपा का रामबाण बन सकते हैं।
भंवर में तैराकी करने जैसी यूपी की सियासत बहुत कठिन है। भाजपा और सपा दोनों ही अपना चुनावी एजेंडा तय करने में कंफ्यूज दिख रहे। भाजपा की घबराहट कभी यूजीसी को लेकर नजर आ रही कभी विपक्ष की तरह सत्ता को भी लगने लगा कि एस आई आर में हिन्दू वोट काटे गए। संभावित उम्मीदवारों की सूची वायरल होने के खंडन के बाद अनुशासन कमेटी बनी, अब दिल्ली और लखनऊ के बीच सामंजस्य की कोशिश बड़ी चुनौती है।
विकास,रोजगार, बुल्डोजर, राष्ट्रवाद, सुरक्षा का रिपोर्ट कार्ड दिखाने के बजाय मथुरा में कृष्ण जन्म भूमि के जरिए हिन्दुत्व की राजनीति से 2027 की नैया पार करने की कोशिश करने वाली भाजपा से मुकाबले के लिए सपा ने सॉफ्ट हिन्दुत्व का पासा फेका था। जिसकी बानगी थी इटावा में अखिलेश द्वारा श्री केदारेश्वर मंदिर का निर्माण और अयोध्या में राम मंदिर दर्शन का एलान। इस बीच यदि आजम अखिलेश के राम मंदिर दर्शन कार्यक्रम को नहीं रोकते या इसपर तंज करने के बजाय ओवैसी पर हमलावर रहते हैं तो अखिलेश के लिए राहत होगी।
जेल से निकलने के बाद फिलहाल तो आजम का बयान सपा के लिए मुफीद है। उन्होंने कौम से जुड़ा कोई जज्बाती बयान देकर भाजपा को ध्रुवीकरण का मौका नहीं दिया। अखिलेश के राम मंदिर जाने की घोषणा पर उनकी टिप्पणी आना बाकी है। इंतेजार इस बात का भी है कि असद्दुदीन ओवैसी के प्रति आजम का क्या रवैया होगा!
फिलहाल जेल से निकल कर रामपुर पहुंचे आजम खान ने सपा के चुनावी कम्पेन में जोश भरते हुए कहा- अब चुनाव नहीं इंकलाब होगा।