Siddharthnagar News: हरीश द्विवेदी का स्वागत, बोले- भाजपा फिर बनाएगी सरकार
Siddharthnagar News: हरीश द्विवेदी ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा शासन में गुंडागर्दी और अपहरण की घटनाएं होती थीं, भाजपा विकास के दम पर चुनाव लड़ेगी।
हरीश द्विवेदी का स्वागत, बोले- भाजपा फिर बनाएगी सरकार (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: इटवा विधानसभा क्षेत्र के सिंगारजोत में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। जिले में राष्ट्रीय महामंत्री का प्रथम आगमन होने के कारण कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए हरीश द्विवेदी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव क्या कहते हैं, यह उनका विषय है। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश का व्यापक विकास हुआ है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था का राज स्थापित हुआ है। बिहार में राजद द्वारा होल्डिंग और बैनर फाड़ने की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अपने काम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाएगी।
अखिलेश यादव के अग्निवीर योजना को खत्म करने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हरीश द्विवेदी ने कहा कि वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उनकी सरकार आने पर क्या होगा, यह उत्तर प्रदेश की जनता अच्छी तरह जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में गुंडागर्दी और अपहरण जैसी घटनाएं होती थीं। भाजपा सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है।
वहीं पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री का जिले में प्रथम आगमन सभी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने स्वागत कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार जताया।