Banda News: तापमान के साथ बढ़ी चुनावी तपिश, CM योगी ने विपक्ष पर चलाए शब्दबाण

Banda News: सोमवार को UP के CM योगी आदित्यनाथ ने बांदा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत अतर्रा कस्बे में चुनावी सभा को संबोधित कर विरोधियों पर तीखे शब्दबाण चलाए।

Report :  Om Tiwari
Update: 2024-05-13 16:10 GMT

सीएम योगी। (Pic: Newstrack)

Banda News: पांचवें चरण के चुनाव में शामिल बुंदेलखंड में तापमान बढ़ने के साथ ही चुनावी तपिश भी तेज हो चली है। सोमवार को UP के CM योगी आदित्यनाथ ने बांदा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत अतर्रा कस्बे में चुनावी सभा को संबोधित कर विरोधियों पर तीखे शब्दबाण चलाए। इंडी गठबंधन पर खासकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 2024 के लोकसभा चुनाव राम द्रोहियों को सबक सिखाने का चुनाव है। रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले राम द्रोहियों की जमानत जब्त कराएं और भारी बहुमत से भाजपा को जिताएं। सरकारों में रहते योजनाओं के लाभ से तरसाने वाले विपक्षियों को एक-एक वोट के लिए तरसाने का यह एकदम सही समय है। इसमें कोई चूक नहीं होनी चाहिए।

कल्याणकारी योजनाओं का किया बखान

हिंदू इंटर कालेज मैदान में योगी आदित्यनाथ ने डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान किया। 50 करोड़ जनधन बैंक खाते, 12 करोड़ किसानों को सम्मान निधि, 12 करोड़ शौचालय, 10 करोड़ गैस कनेक्शन और 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान देने का विस्तार से उल्लेख किया। बोले, अगले पांच वर्षों में आवास योजना से कोई भी अछूता नहीं रहेगा।‌ जाति और मजहब का भेदभाव किए बिना सभी को योजनाओं का लाभ देना हमारी प्रतिबद्धता है।

देश भर में सुनामी बनी मोदी लहर

योगी ने कहा, विकास की गाड़ी बुलेट ट्रेन की स्पीड से आगे बढ़ रही है। देश भर में मोदी लहर सुनामी बन चुकी है। हर ओर ‘फिर एक बार-मोदी सरकार’ और ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ का स्वर गूंज रहा है। राममंदिर निर्माण से पाकिस्तान समर्थकों को आपत्ति है। कोई राम मंदिर ठीक नहीं बनने का विलाप कर रहा है तो कोई भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठा रहा है। इन राम द्रोहियों को जनता सबक सिखाएगी। समाजवादी पार्टी को खासकर निशाने पर लेते हुए योगी ने कहा, सपा ने युवाओं को तमंचे थमाकर उनका भविष्य चौपट करने का पाप किया है। जबकि भाजपा की सरकार ने टैबलेट देकर उन्हें स्मार्ट युवा बनाया है।


डिफेंस कारीडोर से संवरेगा युवाओं का भविष्य

बुंदेलखंड पर फोकस करते हुए योगी ने कहा, जल्द ही डिफेंस कॉरीडोर के जरिए स्थानीय युवा अपना भविष्य संवारेंगे। एक्सप्रेस-वे से जोड़कर विकास की नई गाथा लिखने की पहल पहले ही हो चुकी है। जबकि सपा, बसपा और कांग्रेस ने यहां संसाधनों की लूट से अपनी जेबें भरी हैं। लोगों को बूंद बूंद पानी को तरसाया है। भाजपा सरकार हर घर में नल जल पहुंचा रही है।

पाकिस्तान समर्थकों पर जमकर बरसे CM

चलते-चलते योगी पाकिस्तान समर्थकों पर एक बार फिर बरसे। बोले, जिसे पाकिस्तान अच्छा लगता है वे पाकिस्तान जाकर भीख मांगें। पाकिस्तान में आटे के लिए संघर्ष हो रहे हैं। आपस में खून बहाया जा रहा है। दूसरी ओर भारत में मोदी सरकार 80 करोड़ देशवासियों को मुफ्त अनाज दे रही है। मोदी की अगुवाई में नया भारत सीना तानकर खड़ा है। उन्होंने देश के दुश्मनों को चेताया, नया भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई छेड़े तो उसे छोड़ता भी नहीं है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आरके पटेल को जिताने की जोरदार अपील भी की।

मुस्लिमों को आरक्षण पर इंडी गठबंधन को घेरा

मुख्यमंत्री योगी ने इंडी गठबंधन को घोषणा पत्र के जरिए भी घेरा। बोले, मैनिफेस्टो में दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण मुसलमानों को देने का इरादा जताया गया है। सर्वे कराकर देशवासियों की संपति छीनने और खानपान की स्वतंत्रता के जरिए गौहत्या को बढ़ावा देने का संकेत दिया जा रहा है। गौहत्या बढ़ेगी तो राममंदिर दर्शन का सारा पुण्य समाप्त हो जाएगा। विपक्ष की नीयत सही नहीं है। इनके बहकावे में नहीं आना। देश में एक बार फिर मोदी सरकार बनाना है।

200 लोगों ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता

सीएम योगी के समक्ष तकरीबन दो सो लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा मीडिया प्रभारी आनन्द स्वरूप द्विवेदी ने बताया, विभिन्न दलों से आए फूल सिंह, दुष्यंत सिंह, आनंद सिंह, अंकित सिंह, योगेंद्र सिंह, अनूप सिंह जादौन, रामगोपाल सिंह, अजय सिंह, संतोष कुमार गौड़, भानू गौड़, उमेश गौड़, रमेश चंद्र गौड़, अनुराग गौड़, ओम जी गौड़, विनोद गौड़, सोनू पाठक, चंद्रकांत धुरिया, शिवकुमार धुरिया, सुधीर गुप्ता, आकाश अग्रवाल, आशु अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, सुधांशु अग्रवाल, माधवशरण अग्रवाल, अमित अग्रवाल, प्रिंस गौड़, अंकुर गौड़, अभिषेक सोनी, लालाबाबू, नवीन निगम, अंशुल सोनी, दीपेश सोनी, राजेंद्र शुक्ला, सत्यप्रकाश दीक्षित, संजय सोनी, राकेश गौड़, रामबहादुर सिंह, संजय साहू, अतुल सोनी, शैलमणि शर्मा, संतोष विश्वकर्मा, बोधन सिंह, राजू पाल, अनुराग तिवारी, पप्पू यादव, राजू सिंह, अनुभव सिंह, गोविंद मिश्रा, गुलाब सिंह, कल्लू निषाद और कुशल सिंह आदि ने मोदी सरकार बनाने का संकल्प लिया।

जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद भी रहे मौजूद

सभा में सूबे के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, बांदा विधायक प्रकाश द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, चित्रकूट भाजपा जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिपाठी, महामंत्री अखिलेशनाथ दीक्षित और भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News