Banda News: सड़क हादसों ने दो युवाओं को लीला, परिवारों में मचा कोहराम

Banda News: चचेरे भाई लवलेश ने बताया, अर्जुन दो भाईयो में बड़ा था। सौता गांव में बन रही जल संस्थान की टंकी में सिक्योरटी गार्ड था।

Report :  Om Tiwari
Update:2024-10-08 22:26 IST

Banda accident news   (फोटो: सोशल मीडिया )

Banda News: जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों ने दो युवकों की जान ले ली। बिसंडा इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने जहां बाइक सवार को रौंद दिया, वहीं जिला मुख्यालय में बाईपास के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मृत्यु हो गई। मृतकों के परिवारों में रोना धोना मचा है। पुलिस ने दोनों शवों का अलग-अलग पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा है।

नौकरी पर निकले बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड को ट्रक ने रौंदा

बिसंडा थाने के बिलगांव का 20 वर्षीय अर्जुन पुत्र कमलेश सौता गांव में सिक्योरटी गार्ड था। सोमवार रात नौकरी करने जा रहा था। घर से बाइक लेकर रवाना होते ही सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को जिला अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। चचेरे भाई लवलेश ने बताया, अर्जुन दो भाईयो में बड़ा था। सौता गांव में बन रही जल संस्थान की टंकी में सिक्योरटी गार्ड था। उसी के वेतन पर परिवार निर्भर था। पिता दो साल से जेल में है। बेटे की दर्दनाक मौत से मां शंकुतला का रो-रोकर बुरा हाल है।

अज्ञात वाहन ने ली शौच को निकले नौजवान की जान

दूसरा सड़क हादसा जिला मुख्यालय के पास हुआ। शहर कोतवाली के पल्हरी गांव निवासी 22 वर्षीय सोनू पुत्र जागेश्वर सेामवार रात बाईपास की तरफ गया था। तभी अज्ञात वाहन की टक्कर ने उसकी जान ले ली। मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। राहगीरों ने कालूकुंआ पुलिस चौकी को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस का कहना है, मृतक शौच को गया था। तभी सड़क हादसे का शिकार हो गया।

Tags:    

Similar News